1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे: रसायन निर्माण इकाई में लगी आग, 12 लोगों को सुरक्षित निकाला

पुणे: रसायन निर्माण इकाई में लगी आग, 12 लोगों को सुरक्षित निकाला

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 01, 2020 02:07 pm IST,  Updated : Oct 01, 2020 02:07 pm IST

महाराष्ट्र के पुणे जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक रासायनिक उत्पाद विनिर्माण इकाई में भीषण आग लग गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : AP

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक रासायनिक उत्पाद विनिर्माण इकाई में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पुणे-सोलापुर रोड पर कुरकुंभ औद्योगिक क्षेत्र स्थित संयंत्र में लगी आग में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। घटना के समय संयंत्र बंद था। दमकल अधिकारी सुधीर खांडेकर ने बताया कि संयंत्र से 12 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया। 

यहां से दो कुत्तों को भी बचाया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘कुरकुंभ में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र स्थित ‘शिव शक्ति ऑक्सालेट प्राइवेट लिमिटेड’ में देर रात करीब डेढ़ बजे आग लग गई। संयंत्र में मिश्रित विलायक द्रव (साल्वेंट) से भरे ड्रम रखे थे और आग लगने के बाद उनमें विस्फोट होना शुरू हो गया।’’ 

उन्होंने बताया कि पानी के करीब आठ-नौ टैंकरों को तुरंत मौके पर भेजा गया और दमकल कर्मियों ने करीब साढ़े चार घंटे में आग को काबू किया। अधिकारी ने कहा, ‘‘हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। ’’ 

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। पुणे के कलेक्टर राजेश देशमुख ने बताया कि उन्होंने मामले में स्थानीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।