धुले: महाराष्ट्र के धुले शहर के देवपुर क्षेत्र में सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक फौजी पति ने प्रेमिका के साथ पत्नी को मार डाला। पति ने पत्नी को पहले जहरीला इंजेक्शन दिया इसके बाद सिर पर बेरहमी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने सेना के जवान पति, उसकी प्रेमिका समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 10 मई की बताई जा रही है लेकिन जानकारी अब सामने आई है।
पति ने दिया जहरीला इंजेक्शन और मरने तक तड़पता देखता रहा
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान शारदा उर्फ पूजा कपिल बागुल (उम्र 38 वर्ष) के रूप में की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पति कपिल बागुल (उम्र 43 वर्ष) ने चार अन्य लोगों के साथ मिलकर पूजा को जबरदस्ती पकड़कर उसके हाथ पर पैर में जहरीला इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन देने के बाद पूजा के मुंह से झाग निकलने लगा और वह दर्द से तड़पने लगी। इसके बाद कपिल उसकी मौत तक उसे तड़पता देखता रहा।
महिला के हाथ और मुंह पर काले-नीले दाग के निशान
मौत के बाद शव को पहले एक निजी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। पश्चिम देवपुर पुलिस को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां यह स्पष्ट हुआ कि पूजा को कीटनाशक का इंजेक्शन जबरन दिया गया था। उसके हाथ और मुंह पर इंजेक्शन के निशान से काले-नीले दाग पड़े हुए थे।
महिला के भाई दिया दर्ज कराया मामला
इस मामले में पूजा के भाई की शिकायत पर पश्चिम देवपुर पुलिस स्टेशन में आरोपी कपिल बाळू बागुल, ससुर बाळू बुधा बागुल, सासू विजय बाळू बागुल, ननद रंजना धनश माळी और कपिल की प्रेमिका प्रज्ञा महेश कर्डीले के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1), 85, 115(2), 351(2)(3), 352, 49, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दो लाख रुपये और अवैध संबंध बना हत्या की वजह
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी कपिल बागुल मृतका पर मायके से प्लॉट खरीदने के लिए दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। इसके चलते वह पूजा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। वहीं, जब पूजा को अपने पति के प्रज्ञा कर्डीले के साथ अवैध संबंधों का पता चला, तो वह इसका विरोध करने लगी। इसी कारण ससुर, ननद और प्रज्ञा ने कपिल और उसकी मां को उकसाया और अंततः उन्होंने मिलकर पूजा की हत्या कर दी।
कॉलेज से ही चल रहा था कपिल और प्रज्ञा का प्रेम संबंध
जानकारी के अनुसार कपिल बागुल बीए पास है और सेना में लिपिक पद पर कार्यरत है। उसकी पत्नी पूजा बीएससी बीएड थी। वर्ष 2010 में दोनों की शादी हुई थी और उन्हें 9 साल की बेटी और 7 साल का बेटा है। वहीं, प्रज्ञा बीएससी और एमबीए है। कपिल और प्रज्ञा का कॉलेज के समय से ही प्रेम संबंध था। प्रज्ञा की शादी 2007 में हुई थी और उसकी दो बेटियां (17 व 13 वर्ष) हैं। प्रज्ञा का तलाक अंतिम चरण में है। हाल ही में कपिल और प्रज्ञा फिर से संपर्क में आए और दोनों लॉज में मिलने भी लगे थे। यह जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।
रिपोर्ट- उबैद कादरी, धुले