1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 6185 नए केस, 85 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 6185 नए केस, 85 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 27, 2020 09:03 pm IST,  Updated : Nov 27, 2020 09:03 pm IST

महाराष्ट्र के कोरोना वायरस संक्रमण के 6,185 नये मामले सामने आये, जिसके बाद प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर शुक्रवार को 18,08,550 हो गयी।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 6185 नए केस, 85 मरीजों की मौत- India TV Hindi
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 6185 नए केस, 85 मरीजों की मौत Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र के कोरोना वायरस संक्रमण के 6,185 नये मामले सामने आये, जिसके बाद प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर शुक्रवार को 18,08,550 हो गयी। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में संक्रमण से 85 और लोगों की मौत हुयी है जिसके बाद राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 46,898 पर पहुंच गया है। 

उन्होंने बताया कि दूसरी ओर सफल उपचार के बाद 4,089 लोगों को अस्पताल को छुट्टी दी गयी। इन्हें मिला कर, संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 16,72,627 हो गयी है। अधिकारी ने बताया कि 87,969 मरीज प्रदेश में उपचाराधीन हैं। 

उन्होंने बताया कि मुंबई शहर में संक्रमण के 1,074 नये मामले सामने आये हैं जिसके बाद मुंबई में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 2,80,818 हो गयी है और शुक्रवार को मुंबई में 17 और लोगों के मरने के साथ ही महानगर में कोविड-19 से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 10,757 पर पहुंच गया है।

वहीं, अगर पूरे देश की बात करें तो भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के करीब 70 प्रतिशत उपचाराधीन मामले महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 

मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण से अब तक हुई मौतों में से 83.80 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, पंजाब, गुजरात, मध्य प्रदेश और दिल्ली के हैं। 

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शुक्रवार को भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,55,555 थी, जो कि कुल मामलों का 4.89 प्रतिशत है। बयान के अनुसार महाराष्ट्र में 87,014, केरल में 64,615 और दिल्ली में 38,734 मरीजों का उपचार चल रहा है। 

देश में एक दिन में कोविड-19 के 43,082 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 93,09,787 हो गयी। हालांकि, कुल पॉजिटिव पाए गए 93,09,787 लोगों में से 87,18,517 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और अब संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 93.64 प्रतिशत हो गई। 

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 492 मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 1,35,715 हो गयी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।