1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 8744 नए केस मिले, 22 मरीजों की हुई मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 8744 नए केस मिले, 22 मरीजों की हुई मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 08, 2021 10:57 pm IST,  Updated : Mar 08, 2021 10:57 pm IST

महाराष्ट्र में लगातार तीन दिन तक प्रतिदिन कोरोना वायरस संक्रमण के 10 हजार नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को 8,744 नए मामले सामने आए। इसके अलावा कोविड-19 से 22 और मरीजों की मौत हो गई।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 8744 नए केस मिले, 22 मरीजों की हुई मौत- India TV Hindi
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 8744 नए केस मिले, 22 मरीजों की हुई मौत Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार तीन दिन तक प्रतिदिन कोरोना वायरस संक्रमण के 10 हजार नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को 8,744 नए मामले सामने आए। इसके अलावा कोविड-19 से 22 और मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इसके साथ ही राज्य में कुल मामले बढ़कर 22,28,471 हो गए।

अधिकारी ने बताया कि राज्य में महामारी से मरने वालों की संख्या 52,500 पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 20,77,112 मरीज ठीक हो चुके हैं और अभी 97,637 मरीज उपचाराधीन हैं। वहीं, मुंबई में संक्रमण के 1,014 नए मामले सामने आए और चार मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 3,34,583 हो गए। 

देश में कोविड-19 के 18,599 नए मामले

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 18,599 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,12,29,398 हो गई। देश में लगातार तीसरे दिन 18 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार छठे दिन उपचाराधीन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मंत्रालय के अनुसार, अभी 1,88,747 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.68 प्रतिशत है। देश में मरीजों के ठीक होने की दर में गिरावट दर्ज की गई है, जो अब 96.91 प्रतिशत है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.41 प्रतिशत है।

आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 97 और लोगों की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 1,57,853 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 1,08,82,798 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिन 97 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 38, पंजाब के 17 और केरल के 13 लोग थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से अभी तक 1,57,853 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 52,478, तमिलनाडु के 12,518, कर्नाटक के 12,362, दिल्ली के 10,921, पश्चिम बंगाल के 10,278, उत्तर प्रदेश के 8,737 और आंध्र प्रदेश के 7,174 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में सात मार्च तक 22,19,68,271 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है। इनमें से 5,37,764 नमूनों की जांच रविवार को की गई थी।

तेजी से जारी कोरोना टीकाकरण अभियान

कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ टीकाकरण अभियान काफी तेजी से चलाया जा रहा है। देश में अभी तक कोरोना वैक्सीन की कुल 2,26,85,598 खुराकें दी जा चुकी हैं, इनमें से 16,96,588 खुराक सिर्फ सोमवार को दी गईं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है।

मंत्रालय ने बताया, "आज रात 9 बजे तक की अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना वैक्सीन की कुल 2,26,85,598 खुराक दी गई हैं। इनमें से सोमवार (8 मार्च) को राष्ट्रव्यापी COVID-19 टीकाकरण के 52वें दिन रात 9 बजे तक कुल 16,96,588 वैक्सीन की खुराक दी गई।"

देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू हुआ था जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई। अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों का टीकाकरण दो फरवरी से शुरू हुआ। टीके की दूसरी खुराक 13 फरवरी से देना प्रारंभ किया गया, जिसमें उन लोगों को टीका दिया गया जिन्होंने पहली खुराक 28 दिन पहले ली थी। 

इसके बाद कोविड-19 टीकाकरण अभियान का अगला चरण (दूसरा चरण) एक मार्च से शुरू हुआ और इस दौरान 60 साल से अधिक उम्र वाले तथा पहले से किसी बीमारी से पीड़ित 45 साल की उम्र से अधिक के लोगों को टीका दिया गया। कोरोना वायरस का टीका सरकारी अस्पतालों में फ्री में लगाया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।