1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में 22 फरवरी के बाद सोमवार को सबसे कम कोरोना केस मिले

महाराष्ट्र में 22 फरवरी के बाद सोमवार को सबसे कम कोरोना केस मिले

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 19, 2021 11:48 pm IST,  Updated : Jul 19, 2021 11:51 pm IST

महाराष्ट्र में सोमवार को 6,017 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई, जो 22 फरवरी के बाद सबसे कम है।

महाराष्ट्र में 22 फरवरी के बाद सोमवार को सबसे कम कोरोना केस मिले- India TV Hindi
महाराष्ट्र में 22 फरवरी के बाद सोमवार को सबसे कम कोरोना केस मिले Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में सोमवार को 6,017 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई, जो 22 फरवरी के बाद सबसे कम है। इन नए मामलों के साथ राज्य में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 62,20,207 तक पहुंच गए, जबकि 66 मरीजों ने कोविड-19 के कारण दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,27,097 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

कोविड-19 से हुई नई मौतें पिछले एक सप्ताह में सबसे कम हैं। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 13,051 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, जिससे ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 59,93,401 हो गई। राज्य में अब 96,375 कोविड-19 मरीजों का उपचार चल रहा है। 

अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र में कोविड-19 मरीजों के ठीक होने की दर 96.35 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 2.04 प्रतिशत है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के हिंगोली, वर्धा और भंडारा जिलों में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया मामला नहीं पाया गया।

मुंबई में कोरोना वायरस के 402 नए मामले, 14 की मौत

मुंबई में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 402 नए मामले आए हैं, जो नौ फरवरी के बाद सबसे कम हैं। वहीं 14 और संक्रमितों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 15,716 हो गई है। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को लगातार चौथे दिन देश की आर्थिक राजधानी में 500 से कम मामले आए हैं। मुंबई में कुल मामले 7,31,563 हो गए हैं। 

उन्होंने बताया कि दिन में 577 लोगों को संक्रमण से उबरने पर अस्पतालों से छुट्टी दी गई है। इसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या 7,07,129 हो गई है। महानगर में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 6349 है। 

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 23,481 नमूनों की जांच की गई है और कम मामले कम जांच का नतीजा हो सकते हैं। औसतन रोजाना 30,000 नमूनों की जांच की जा रही थी। आंकड़ों के मुताबिक शहर में 62 इमारतों को सील किया गया है जबकि छह नियंत्रण क्षेत्र हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।