1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में कोरोना के 1715 नए केस मिले, 24 घंटे में 29 मरीजों की जान गई

महाराष्ट्र में कोरोना के 1715 नए केस मिले, 24 घंटे में 29 मरीजों की जान गई

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 17, 2021 09:21 pm IST,  Updated : Oct 17, 2021 09:21 pm IST

महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस के 1715 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले 65,91,697 हो गए हैं। राज्य में संक्रमण से 29 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 1,39,789 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।

महाराष्ट्र में कोरोना के 1715 नए केस मिले, 24 घंटे में 29 मरीजों की जान गई- India TV Hindi
महाराष्ट्र में कोरोना के 1715 नए केस मिले, 24 घंटे में 29 मरीजों की जान गई Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस के 1715 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले 65,91,697 हो गए हैं। राज्य में संक्रमण से 29 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 1,39,789 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 2680 रोगी संक्रमण से ठीक हुए हैं जिससे अब तक 64,19,678 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं। 

विभाग की ओर से बताया गया कि राज्य में ठीक होने की दर 97.39 फीसदी है और मृतक दर 2.12 फीसदी है। रविवार को 1,10,465 लोगों की जांच की गई जिससे राज्य में अभी तक कुल 6,10,20,463 जांच हो चुकी है। महाराष्ट्र में वर्तमान में 28,631 सक्रिय मामले हैं। मुंबई में पिछले 24 घंटे में वायरस के कारण किसी की मौत नहीं हुई लेकिन 366 नए मामले सामने आए।

ठाणे में कोरोना नियमों का उल्लंघन करने पर रेस्तरां-बार पर छापा

ठाणे के मानपडा क्षेत्र में कोविड-19 संबंधी नियमों का उल्लंघन करने को लेकर एक रेस्तरां- बार पर अपराध शाखा ने छापेमारी की। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार को आधी रात से महज कुछ देर पहले छापा मारा गया और रेस्तरां- बार के मालिक समेत दस लोगों पर मामला दर्ज किया गया। 

अपराध शाखा की पांचवीं इकाई के वरिष्ठ निरीक्षक विकास गोडके ने बताया कि ग्राहक कोविड-19 नियमों का पालन नहीं कर रहे थे और उनमें से किसी ने मास्क नहीं लगा रखा था, उनमें आपस में कोई दूरी भी नहीं थी। अनुमति से अधिक लोग वहां जुटे थे। हालांकि, उन्होंने बताया कि किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जांच की जा रही है।

महाराष्ट्र में सिनेमा हॉल, थिएटर 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे

महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर से सिनेमा हॉल, सभागार और नाटक आयोजित करने वाले थिएटर फिर से खुलने जा रहे हैं, राज्य सरकार ने इसके लिए 11 अक्टूबर को मानक संचालन प्रक्रिया (SoP) जारी की, जिसमें उन्हें आधी क्षमता के साथ संचालन की अनुमति दी गई है। जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि सामाजिक दूरी और कोविड-19 की रोकथाम संबंधी अन्य नियमों का पालन करना होगा।

सिनेमा हॉल के लिए SOP में कहा गया है कि सिनेमा हॉल, थिएटर और मल्टीप्लेक्स में कुल क्षमता के 50 प्रतिशत से अधिक दर्शकों की अनुमति नहीं होगी और सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित करना होगा। निषिद्ध क्षेत्रों में स्थित सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। दर्शकों को हमेशा मास्क पहनना होगा और हॉल के अंदर, शौचालय और अन्य स्थानों पर सैनेटाइजर की व्यवस्था होगी। 

SoP के मुताबिक, ‘दर्शकों को टीका लगवाना चाहिए और आरोग्य सेतु ऐप पर उनके स्वास्थ्य की स्थिति ‘सुरक्षित’ होना चाहिए।’ एयरकंडीशंड सिनेमा हॉल में तापमान 24 डिग्री से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच होना चाहिए और नमी का स्तर 40 से 70 प्रतिशत के बीच बनाए रखना होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।