1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगना तय? CM उद्धव ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस और राज ठाकरे को किया फोन

महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगना तय? CM उद्धव ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस और राज ठाकरे को किया फोन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 04, 2021 04:00 pm IST,  Updated : Apr 04, 2021 04:06 pm IST

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे और भाजपा नेता तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फोन कर राज्य में बढ़ते कोरोना वायरस के कारण कड़े प्रतिबंध लगाने की बात कही है।

महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगना तय? CM उद्धव ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस और राज ठाकरे को किया फोन- India TV Hindi
महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगना तय? CM उद्धव ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस और राज ठाकरे को किया फोन Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए राज्य सरकार लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे और भाजपा नेता तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फोन कर राज्य में बढ़ते कोरोना वायरस के कारण कड़े प्रतिबंध लगाने की बात कही है।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने आधिकारिक ट्वीट कर बताया है कि 'मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे से फोन पर बात करके कहा है कि राज्य में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन लगाना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में "MNS" राज्य सरकार को सहयोग करें।'

वहीं, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी फोन किया और प्रतिबंध लागू करने की बात रखी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, "हालात बहुत गंभीर हैं, इसलिए कड़े प्रतिबंध लगाने होंगे।" इस पर फडणवीस ने कहा, "जो जरूरी सहयोग चाहिए होगा, वह हम करेंगे।"

मुंबई में और बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी

कोविड-19 के मामले बढ़ने के मद्देनजर मुंबई नगर निकाय ने रविवार को कहा कि उसने शहर में संक्रमित मरीजों का इलाज करने वाले चिकित्सा केंद्रों में और अधिक बिस्तरों की व्यवस्था करने का फैसला किया है। शहर में शनिवार को कोरोना वायरस के 9,108 नए मामले सामने आए, जो एक दिन में आए संक्रमण के सबसे अधिक मामले हैं।

महानगरपालिका आयुक्त आई एस चहल ने एक बयान में कहा, ‘‘हमने वृहन्मुंबई महानगरपालिका (एमसीजीएम) के तहत आने वाले कोविड-19 स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों और कोविड-19 अस्पतालों में पिछले सात दिन में अतिरिक्त 3,000 बिस्तरों की व्यवस्था की है।’’ 

चहल ने यह भी कहा कि कुछ मरीज अपने पसंद के अस्पताल में भर्ती होने का इंतजार करने के कारण गंभीर स्थिति में जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर बीमारी के लक्षण हैं तो मरीजों को तुरंत इलाज के लिए जहां बिस्तर मिलें, वहां भर्ती हो जाना चाहिए, क्योंकि हर जगह इलाज की प्रक्रिया समान है और अब काफी अच्छी व्यवस्था है।’’

महाराष्ट्र में 49447 नए केस मिले, 277 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 के 49,447 नये मामले सामने आये जो अभी तक किसी एक दिन में सामने आये सबसे अधिक मामले हैं। इससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 29,53,523 हो गई जबकि 277 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 55,656 हो गई। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने दी।

विभाग ने कहा कि 1,84,404 और जांच की गई जिससे महाराष्ट्र में अब तक की गई कुल जांच की संख्या बढ़कर 2,03,43,123 हो गई है। विभाग ने कहा कि राज्य में ठीक होने की दर अब 84.49 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 1.88 प्रतिशत है। बयान में कहा गया है कि 277 मौतों में से 132 मौतें पिछले 48 घंटों में हुईं। 

विभाग ने कहा कि दिन के दौरान कुल 37,821 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई जिससे महाराष्ट्र में अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 24,95,315 हो गई। राज्य अब 4,01,172 उपचाराधीन मरीज हैं। अब तक जिन लोगों की जांच की गई उनमें से 14.52 प्रतिशत वायरस से संक्रमित पाये गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।