1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'रोजाना 8 किसान कर रहे सुसाइड, विधानसभा में रमी गेम खेल रहे महाराष्ट्र के कृषि मंत्री', रोहित पवार ने शेयर किया VIDEO

'रोजाना 8 किसान कर रहे सुसाइड, विधानसभा में रमी गेम खेल रहे महाराष्ट्र के कृषि मंत्री', रोहित पवार ने शेयर किया VIDEO

 Published : Jul 20, 2025 05:40 pm IST,  Updated : Jul 20, 2025 05:48 pm IST

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री का विधानसभा के अंदर मोबाइल पर रमी गेम खेलने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। एनसीपी-एसपी के विधायक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए सरकार पर निशाना साधा है।

मंत्री माणिकराव कोकाटे और रोहित पवार- India TV Hindi
मंत्री माणिकराव कोकाटे और रोहित पवार Image Source : X/RRPSPEAKS

महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP)-शरदचंद्र पवार (SP) के विधायक रोहित पवार ने सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) पर निशाना साधा है। एनसीपी-एसपी के विधायक रोहित पवार ने रविवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) से सलाह-मशविरा किए बिना कोई काम नहीं कर सकती। पवार ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री माणिकराव कोकाटे का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया है।

कृषि मंत्री के पास कोई काम नहीं

इस वीडियो में सरकार में मंत्री माणिकराव कोकाटे विधानसभा के अंदर अपने मोबाइल फोन पर रमी गेम खेलते हुए दिख रहे हैं। एनसीपी (SP) के विधायक ने पोस्ट में लिखा, 'सत्तारूढ़ एनसीपी गुट बीजेपी से सलाह-मशविरा किए बिना काम नहीं कर सकती। यही वजह है कि राज्य में कृषि से जुड़े कई मुद्दे लंबित होने और रोजाना आठ किसानों द्वारा आत्महत्या किए जाने के बावजूद कृषि मंत्री के पास कोई काम नहीं है और वह रमी खेलने में व्यस्त दिखते हैं।'

किसानों के साथ धोखेबाजी और विश्वासघात- कांग्रेस

इस बीच, कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने महायुति सरकार पर किसानों के साथ ‘धोखेबाजी’ और ‘विश्वासघात’ करने का आरोप लगाया। वडेट्टीवार ने पत्रकारों से कहा कि राज्य में किसान मर रहे हैं और कृषि मंत्री अपने मोबाइल फोन पर गेम खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'इस धोखेबाज और विश्वासघाती सरकार को किसानों की कोई चिंता नहीं है। मैं किसानों से अपील करता हूं कि वे उन्हें सबक सिखाएं।'

फडणवीस और आदित्य ठाकरे की होटल में नहीं हुई मुलाकात

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे की मुंबई के एक होटल में मुलाकात की खबरों के बारे में पूछे जाने पर वडेट्टीवार ने कहा कि दोनों अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए होटल में थे और उनकी मुलाकात नहीं हुई। उन्होंने कहा, 'अगर उनकी मुलाकात भी हुई, तो जरूरी नहीं कि सभी मुलाकातें राजनीतिक हों।' (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।