1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में Omicron के लगातार बढ़ रहे मामलों ने बढ़ायी चिंता, अबतक कुल 54 मरीज मिले

महाराष्ट्र में Omicron के लगातार बढ़ रहे मामलों ने बढ़ायी चिंता, अबतक कुल 54 मरीज मिले

 Reported By: Jayprakash Singh
 Published : Dec 19, 2021 09:45 pm IST,  Updated : Dec 19, 2021 11:12 pm IST

मुंबई में एक दिन में 321 नये मामले आए और 02 मरीजों की मौत दर्ज की गई। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 09 कोरोना मरीजो की मौत हुई है, जिसके बाद राज्य में अब तक कुल 1,41,349 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है।

महाराष्ट्र में Omicron के लगातार बढ़ रहे मामलों ने बढ़ायी चिंता, अबतक कुल 54 मरीज मिले- India TV Hindi
महाराष्ट्र में Omicron के लगातार बढ़ रहे मामलों ने बढ़ायी चिंता, अबतक कुल 54 मरीज मिले Image Source : PTI FILE PHOTO

Highlights

  • महाराष्ट्र में रविवार को ओमिक्रोन के 6 नए मामले आए
  • महाराष्ट्र में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 7,068 है
  • मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना पॉजिटिव 321 नए केस मिले

Maharashtra Omicron Cases: महाराष्ट्र में रविवार (19 दिसंबर, 2021) को बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 902 नए मामले आए, 767 रिकवरी हुईं और 9 लोगों की कोरोना से मौत हुई। महाराष्ट्र में कोरोना के 7,068 सक्रिय मामले हैं। महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के 6 नए मामले आए। राज्य में अब तक ओमिक्रोन के कुल 54 मरीज़ मिले हैं।  बता दें कि अभी राज्य में कोविड के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 7,068 है। राज्य में अबतक कोरोना का रिकवरी रेट 97.71 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 2.12 प्रतिशत है। महाराष्ट्र भर में कोविड मरीजों की कुल संख्या अबतक 66,49,596 हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, मुंबई में एक दिन में 321 नये मामले आए और 02 मरीजों की मौत दर्ज की गई। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 09 कोरोना मरीजो की मौत हुई है, जिसके बाद राज्य में अब तक कुल 1,41,349 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। राज्य में कोरोना के अब 7,068 एक्टिव मरीज हैं। वहीं मुंबई में कोरोना के एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 2,081 है।

मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना पॉजिटिव 321 नए केस मिले। मुंबई में 24 घंटे में आज कोरोना से 02 मरीज की मौत दर्ज की गई है। मुंबई में अबतक के कुल 7,67,050 केस सामने आ चुके हैं। वहीं मुंबई में अब-तक कुल 16,365 मरीजों की मौत हो चुकी है। आज 767 मरीज ठीक होकर अपने घर गए हैं। मुंबई में अबतक ठीक होने वाले मरीजों कि कुल संख्या 64,97,500 है।

महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से छह व्यक्ति संक्रमित पाये गए। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान में कहा कि इनमें से 2 रोगियों का तंजानिया की यात्रा का इतिहास था, 2 अन्य इंग्लैंड से और एक पश्चिम एशिया से लौटा था। इनमें से पांचों का टीकाकरण हो चुका है और इनमें से 2 मरीज महिलाएं हैं। एक और नया मरीज पुणे जिले के जुन्नार का पांच वर्षीय एक लड़का है।

बयान में कहा गया है, ‘‘आज कुल 6 मामले सामने आये- उनमें से 4 मुंबई में हवाई अड्डे की स्क्रीनिंग के दौरान पाए गए। इन चार मरीजों में एक मुंबई, दो कर्नाटक और एक औरंगाबाद का है जबकि दो का तंजानिया की यात्रा का इतिहास था, दो अन्य ने इंग्लैंड की यात्रा की थी।’’ इसमें कहा गया है कि चारों फिलहाल मुंबई के सेवन हिल्स अस्पताल में पृथकवास में हैं। इनमें दो महिलाएं हैं। मरीजों की उम्र 21 से 57 साल के बीच है।

विभाग ने बयान में कहा, ‘‘पांच साल के एक लड़के, जो पुणे जिले के जुन्नार के दुबई यात्रियों के करीबी संपर्क में है, में ओमीक्रोन स्वरूप का पता चला है।’’ पुणे शहर के पास पिंपरी चिंचवड बस्ती में, पश्चिम एशिया की यात्रा के इतिहास वाला 46 वर्षीय एक व्यक्ति इस स्वरूप से संक्रमित पाया गया है। मरीज में हल्के लक्षण हैं और फिलहाल वह एक निजी अस्पताल में भर्ती है। 

भारत में ओमिक्रॉन के अबतक 150 से ज्यादा मामले सामने आए

यूरोप में कहर बरपा रहे कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट (Omicron Variant) के भारत में अब तक 150 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा 54 मामले महाराष्ट्र में आये हैं। दिल्ली में 22, गुजरात में 13 और तेलंगाना में 20 लोगों में ओमिक्रॉन (Omicron) वैरिएंट की पुष्टि हो चुकी है। ब्रिटेन से हाल में गुजरात लौटे 45 वर्षीय एक अनिवासी भारतीय (एनआरआई) और एक किशोर के कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित पाये जाने के बाद भारत में इसके कुल मामले बढ़कर रविवार को 150 से ज्यादा हो गये हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।