Saturday, February 28, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू, वीकेंड लॉकडाउन और धारा 144 लागू होगी, जानिए- कैबिनेट में क्या-क्या फैसले लिए गए

महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू, वीकेंड लॉकडाउन और धारा 144 लागू होगी, जानिए- कैबिनेट में क्या-क्या फैसले लिए गए

Written by: IndiaTV Hindi Desk Published : Apr 04, 2021 06:05 pm IST, Updated : Apr 04, 2021 06:08 pm IST

कैबिनेट बैठक में फैसला लिया गया है कि राज्य में वीकेंड पर लॉकडाउन लागू किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य में नाइट कर्फ्यू और दिनभर धारा 144 लागू करने का भी फैसला लिया गया है।

महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू, वीकेंड लॉकडाउन और धारा 144 लागू होगी, जानिए- कैबिनेट में क्या-क्या फैसल- India TV Hindi
Image Source : PTI महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू, वीकेंड लॉकडाउन और धारा 144 लागू होगी, जानिए- कैबिनेट में क्या-क्या फैसले लिए गए

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की बेकाबू होती रफ्तार को देखते हुए राज्य सरकार ने कैबिनेट बैठक में अहम फैसले लिए हैं। इनमें वीकेंड पर लॉकडाउन लगाना भी शामिल है। कैबिनेट बैठक में फैसला लिया गया है कि राज्य में वीकेंड पर लॉकडाउन लागू किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य में नाइट कर्फ्यू और दिनभर धारा 144 लागू करने का भी फैसला लिया गया है। यह फैसले लेने से पहले सभी लोगों से बात की है। राज्य सरकार ने कोरोना वायरस के नियमों में ज्यादा सख्ती बरतने का भी फैसला लिया है। यह फैसले सोमवार शाम 8 बजे से लागू होंगे।

महाराष्ट्र सरकार के फैसले

  1. राज्य में रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा।
  2. दिनभर धारा 144 लागू रहेगी। 5 से ज़्यादा लोग जमा नहीं होंगे।
  3. मॉल, रेस्टोरेंट और बार को बंद किया जाएगा, डिलिवरी की सुविधा रहेगी।
  4. वीकेंड पर शुक्रवार की रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन लागू रहेगा।
  5. अत्यावश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।
  6. सरकारी कार्यालय 50 फीसदी की क्षमता से चलेंगे।
  7. इंडस्ट्री पूरी तरह चालू रहेगी। वर्कर्स पर कोई पाबंदी नहीं होगी।
  8. जिन कंस्ट्रक्शन साइट्स पर वर्कर्स के रहने की सुविधा है, वह काम चालू रहेगा।
  9. सरकारी ठेके में जहां निर्माण का काम जारी है, वह चालू रहेंगे।
  10. सब्ज़ी मंडी पर कोई प्रतिबंध नहीं है लेकिन भीड़ कम करने के लिए नियम बनाए गए हैं।
  11. शूटिंग में जहां भीड़ नहीं होगी, वहां काम जारी रह सकता है।
  12. थिएटर बंद रहेंगे।
  13. सभी यातायात पहले की तरह जारी रहेंगे।
  14. पब्लिक ट्रांसपोर्ट 50 फीसदी की क्षमता से चलेंगे।

CM ठाकरे ने विपक्ष से भी की बात

गौरतलब है कि कोरोना रोकने के लिए उठाए गए इन कदमों से पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विपक्ष से भी बात की थी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी फोन किया और प्रतिबंध लागू करने की बात रखी थी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, "हालात बहुत गंभीर हैं, इसलिए कड़े प्रतिबंध लगाने होंगे।" इस पर फडणवीस ने कहा, "जो जरूरी सहयोग चाहिए होगा, वह हम करेंगे।"

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे से भी फोन पर बात की थी। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने आधिकारिक ट्वीट कर बताया है कि 'मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे से फोन पर बात करके कहा है कि राज्य में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन लगाना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में "MNS" राज्य सरकार को सहयोग करें।'

महाराष्ट्र में 49447 नए केस मिले, 277 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 के 49,447 नये मामले सामने आये जो अभी तक किसी एक दिन में सामने आये सबसे अधिक मामले हैं। इससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 29,53,523 हो गई जबकि 277 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 55,656 हो गई। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने दी।

विभाग ने कहा कि 1,84,404 और जांच की गई जिससे महाराष्ट्र में अब तक की गई कुल जांच की संख्या बढ़कर 2,03,43,123 हो गई है। विभाग ने कहा कि राज्य में ठीक होने की दर अब 84.49 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 1.88 प्रतिशत है। बयान में कहा गया है कि 277 मौतों में से 132 मौतें पिछले 48 घंटों में हुईं। 

विभाग ने कहा कि दिन के दौरान कुल 37,821 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई जिससे महाराष्ट्र में अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 24,95,315 हो गई। राज्य अब 4,01,172 उपचाराधीन मरीज हैं। अब तक जिन लोगों की जांच की गई उनमें से 14.52 प्रतिशत वायरस से संक्रमित पाये गए हैं।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement