मुंबई: शहर में धमकी भरे मेल और कॉल्स का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर शनिवार को पुलिस के कंट्रोल रूम को धमकी भरा कॉल आया है। आरोपी ने कॉल पर बताया कि मुंबई के CSMT स्टेशन पर बम है और धमाना होने वाला है। वहीं धमकी भरे कॉल के बाद जीआरपी को संपर्क किया गया है। सूचना मिलते ही जीआरपी और बम स्क्वायड की टीम ने देर रात तक जांच पड़ताल की। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है।
वहीं मुंबई रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ये कोई हॉक्स कॉल हो सकता है, लेकिन कॉल को गंभीरता से लेकर हमने जांच की। फिलहाल कुछ मिला नहीं है, अब कॉलर की तलाश की जा रही है। इस धमकी भरे कॉल के बाद मुंबई के कोलाबा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच चल रही है। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
हाल के दिनों में आए धमकी भरे कॉल
- 25 जुलाई 2025: मुंबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम की धमकी मिलते ही हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट की सुरक्षा में मौजूद सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में आ गए। पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। इस तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
- 17-19 जुलाई 2025: नवी मुंबई पुलिस आयुक्त और संयुक्त आयुक्त के कार्यालयों में कई धमकी भरे फोन आए। इनमें मुंबई-अहमदाबाद की उड़ान में बम होने और हवाई अड्डे पर विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इन सभी धमकियों को जांच के बाद अफवाह करार दिया गया और पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।
- 27-28 मई 2025: एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से झगड़े के बाद हताशा में मुंबई एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
- 17 मई 2025: मुंबई एयरपोर्ट पुलिस को एक ईमेल के जरिए हवाई अड्डे और ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस ईमेल में आतंकवादी अफजल गुरु का भी जिक्र था। जांच के बाद यह धमकी भी फर्जी निकली।
- 7 मई2025: चंडीगढ़ से आ रही इंडिगो की एक उड़ान में बम की धमकी के बाद मुंबई हवाई अड्डे पर उसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान की सघन तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
- 14 नवंबर 2024: मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर की जांच की, लेकिन यह भी एक अफवाह ही साबित हुई।