1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'फोन को कर लें बंद, नहीं जाने दिया जाएगा बाहर', फर्जी IB अधिकारी बन ज्वेलरी शॉप से की लाखों की उगाही, जानें पूरा मामला

'फोन को कर लें बंद, नहीं जाने दिया जाएगा बाहर', फर्जी IB अधिकारी बन ज्वेलरी शॉप से की लाखों की उगाही, जानें पूरा मामला

 Reported By: Saket Rai Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Mar 22, 2025 09:18 am IST,  Updated : Mar 22, 2025 09:23 am IST

पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये चारों आरोपी फर्जी आईबी अधिकारी बनकर ज्वेलरी शॉप में घुसे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद कार्रवाई की है।

ज्वेलरी शॉप से लाखों की उगाही- India TV Hindi
ज्वेलरी शॉप से लाखों की उगाही Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र के मुंबई जिले में लाखों रुपये की उगाही का मामला सामने आया है। खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताकर एक ज्वेलरी शॉप से 11.50 लाख रुपये की उगाही की गई है। मुंबई के वीपी रोड पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी मुताबिक, चार अज्ञात लोग मुंबई के भुलेश्वर में ज्वेलर्स के दुकान में घुसे थे। ज्वेलरी की दुकान में घुसने के बाद इन चारों ने खुद को आईबी अधिकारी बताया। 

सबसे पहले फोन को कराया बंद

ज्वेलरी शॉप में पहुंचते ही फर्जी IB अधिकारियों ने यहां काम करने वाले कर्मचारियों को आदेश दिया कि सभी मोबाइल फोन बंद कर लें। किसी को भी शॉप से बाहर जाने से मना कर दिया। जालसाजों ने आरोप लगाया कि उनके पास दुकान में अवैध नकदी लेनदेन के सबूत हैं, जो उनके अनुसार एक गंभीर कानूनी अपराध है।

फर्जी आईबी अधिकारियों ने 25 लाख रुपये मांगे

फर्जी IB अधिकारी ने शॉप के मालिक से कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए 25 लाख रुपये मांगे। जब जौहरी ने पूरी रकम देने में असमर्थता जताई तो उन्होंने उसे धमकाना शुरू कर दिया। कानूनी परेशानी के डर से वह 11.50 लाख रुपये देने के लिए तैयार हो गया। 

वापस नहीं आए फर्जी आईबी अधिकारी

लाखों रुपये की उगाही करने तुरंत बाद सभी आरोपी मौके से चले गए। फर्जी आईबी अधिकारियों ने कहा कि उन्हें अपने वरिष्ठ अधिकारियों को पैसे देने हैं, जब वे कुछ समय बाद वापस नहीं आए तो ज्वेलर शॉप के मालिक को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। उसने तुरंत नजदीकी मुंबई के वीपी रोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया मामला

वीपी रोड पुलिस ने 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 308(3), 332(C), 333,  204 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।

चारों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस मामला दर्ज करने के बाद ज्वैलरी के शॉप पर पहुंची। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज हासिल की है, जिसमें चारों संदिग्धों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे थे। आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच से पुलिस को उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिली। इन सुरागों और गोपनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को मुंबई के अलग-अलग इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कस्टडी में भेजे गए आरोपी

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान पवन सुधाकर चौधरी (उम्र 33), श्रीजीत गायकवाड़ (उम्र 32), सूर्यकांत शिवाजी शिंदे (उम्र 32)और किसान धोंडीबा शेलार (उम्र 53) के रूप में हुई है। पुलिस अब जांच कर रही है कि क्या आरोपी इसी तरह के जबरन वसूली के और अन्य मामलों में शामिल थे। पुलिस अधिकारी उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रहे हैं। यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या उन्होंने इसी तरह के तरीके का इस्तेमाल करके अन्य पीड़ितों को ठगा है? पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है। जहां कोर्ट ने चारों आरोपियों को पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।