1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र चुनाव के मद्देनजर नाशिक पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी, मंच से कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी पर साधा निशाना

महाराष्ट्र चुनाव के मद्देनजर नाशिक पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी, मंच से कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी पर साधा निशाना

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Nov 08, 2024 02:50 pm IST,  Updated : Nov 08, 2024 03:05 pm IST

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार करने के लिए नाशिक पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने मंच से कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी पर खूब निशाना साधा। बता दें कि इससे पहले धुले में पीएम मोदी ने चुनावी रैली को संबोधित किया था।

PM Narendra Modi reached Nashik due to Maharashtra elections targeted Congress and Mahavikas Aghadi- India TV Hindi
नाशिक पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी Image Source : YOUTUBE

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को चुनाव के लिए मतदान होने जा रहा है। वहीं 23 नवंबर को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के दौरे पर पहुंचे हैं। यहां वह अलग-अलग विधानसभाओं में जाकर चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी धुले में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे, जहां से उन्होंने विपक्ष पर खूब निशाना साधा था। इस बीच अब पीएम मोदी चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए नाशिक पहुंचे हैं। चलिए बताते हैं कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में क्या कहा है।

धुले में क्या बोले पीएम मोदी

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी धुले की रैली में गए थे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2014 के विधानसभा चुनाव में मैं आपके बीच यहां धुले में आया था। आपने महाराष्ट्र में 15 साल के सियासी कुचक्र को तोड़कर भाजपा को अभूतपूर्व जीत दिलाई थी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि महाविकास अघाड़ी की गाड़ी में ड्राइवर सीट को लेकर झगड़ा है। कुछ लोगों की राजनीति का आधार केवल लूट है। इनकी गाड़ी में न पहिया है और न ही ब्रेक है। ये सत्ता में आकर विकास को ठप्प कर देते हैं। हमारी योजनाएं एमवीए को बर्दाश्त नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि अगले 5 साल में महाराष्ट्र की प्रगति को हम नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

कांग्रेस नहीं चाहती थी दलितों को मिले आरक्षण: मोदी

पीएम मोदी ने धुले में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा एक जाति को दूसरी जाति से लड़ाने का खतरनाक खेल खेला जा रहा है। ये खेल इसलिए खेला जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस कभी दलितों-पिछड़ों, आदिवासियों को आगे बढ़ता हुआ नहीं देख सकती है। यही कांग्रेस का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय बाबा साहब अंबेडकर ने बहुत कोशिश की कि शोषितों-वंचितों को आरक्षण मिले, लेकिन नेहरू जी अड़े हुए थे कि किसी भी कीमत पर दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को आरक्षण नहीं दिया जाए। बहुत मुश्किल से बाबा साहेब दलितों और पिछड़ों के लिए आरक्षण का प्रावधान करा पाए। 

नाशिक में क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं आज एक बार फिर नाशिक का आशीर्वाद लेने आया हूं। नाशिक में जनता जनार्दन का विशाल जनसमूह, महाराष्ट्र का जन जन कह रहा है, भाजपा महायुति आए। उन्होंने कहा कि आज हमारा महाराष्ट्र विकास कर रहा है। हमारा देश नए रिकॉर्ड बना रहा है। आज देश में गरीबों की चिंता करने वाली सरकार है। जब गरीब आगे बढ़ता है तभी देश आगे बढ़ता है। इतने सालों तक देश में कांग्रेस और उनके साथियों ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, फिर भी गरीब रोटी, कपड़ा, मकान के लिए मोहताज रहा। लेकिन अब केवल 10 वर्षों के भीतर ही देश के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। 

महाराष्ट्र को हुआ फायदा

पीएम मोदी ने कहा कि यह इसलिए हुआ क्योंकि मोदी की नीयत सही है। मोदी गरीब का सेवक बन कर काम कर रहा है। आपका सेवक बनकर काम कर रहा है। आज महाराष्ट्र में 50 लाख से ज्यादा महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत राज्य के सवा करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल ये सुविधा मिलने लगी है। आज महाराष्ट्र के लगभग 7 करोड़ जरूरतमंदों को हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है। राज्य से 26 लाख से ज्यादा गरीबों को पीएम आवास योजना का लाभ मिला है। उन्हें पक्के मकान दिए गए हैं। ऐसे काम उनके लिए लगातार होते रहें, इसके लिए महाराष्ट्र में महायुति सरकार फिर से बननी जरूरी है। 

किसानों की बढ़ेगी आय

पीएम मोदी ने कहा कि यहां के किसानों को सालाना 12 हजार रुपये की आर्थिक मदद की जा रही है। अगर फिर हमारी सरकार बनेगी तो ये 12 हजार रुपये की मदद बढ़कर 15 हजार हो जाएगी। महाराष्ट्र के लाखों किसान परिवारों को इसका बहुत बड़ा लाभ होगा। यहां सोयाबीन, कपास, धान और दूध उत्पादन होता है। पेट्रोल में इथेनोल ब्रैंडिंग बढ़ने से गन्ना किसानों के आय में बढ़ोत्तरी हुई है। 10 वर्षों में करीब 80 हजार करोड़ रुपये इथेनॉल की खरीद में किसानों को मिले हैं। देश का जो रुपया पेट्रोल खरीदने में विदेश चला जाता था। वो पैसा अब मेरे देश के किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मैं यहां के प्याज किसानों की भवनाएं समझता हूं। इसलिए प्याज के निर्यात में सहूलियत के लिए नीतियों में बदलाव किया गया है। 

कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी पर बरसे पीएम मोदी

उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकार महाराष्ट्र में हो रहे काम रोक दे तो क्या महाराष्ट्र आगे बढ़ पाएगा? महाराष्ट्र के युवाओं को क्या रोजगार के अवसर मिल पाएंगे? अगर ये काम रुके तो महाराष्ट्र काफी पीछे छूट जाएगा। कांग्रेस और साथी यही चाहते हैं। उनका यही एजेंडा है। महाराष्ट्र में कोई भी बड़ा काम होता है ये लोग उसका विरोध करने के लिए मैदान में आ जाते हैं। इन्होंने अटल सेतु का विरोध किया। इन्होंने मेट्रो परियोजनाओं को लटकाया। अघाड़ी वालों ने समृद्धि महामार्ग का काम ठप्प करने का प्रयास किया। पिछले 5 वर्षों में शुरुआत ढाई साल महाअघाड़ी के महाभ्रष्टाचार, लटकाने-अटकाने के भेंट चढ़ गए। इसलिए महाराष्ट्र के विकास के खातिर अघाड़ी वालों को सरकार से दूर रखना है। 

खाली पन्नों वाले संविधान को जेब में रखते हैं राहुल गांधी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और अघाड़ी वाले लोग देश को पीछे करने का, देश को कमजोर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। इन लोगों ने डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में देश को पीछे करने के लिए क्या कुछ नहीं किया। इन्होंने एचएएल को लेकर तरह-तरह के झूठ फैलाए। इन्होंने फैक्ट्रियों के बाहर धरना प्रदर्शन करवाए। कर्मचारियों को भड़काने की कोशिश की। लेकिन आज वही एचएएल रिकॉर्ड मुनाफे वाली कंपनी बनकर उभरी है। जब नीतिया स्पष्ट होती हैं, नीयत साफ होती है तो अच्छे परिणाम भी आते हैं। कांग्रेस और इसके साथियों को ना तो बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की परिवाह है, ना ही कोर्ट की और ना ही देश की भावना की। ये सिर्फ दिखावे के लिए खाली पन्ने वाले संविधान को रखते हैं। जब संविधान की रक्षा की बात आती है ये उल्टा ही काम करते हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।