महाराष्ट्र के पुणे एयरपोर्ट में विमानों का संचालन फिर से शुरू हो चुका है। शुक्रवार को यहां भारतीय वायुसेना के एक विमान की हार्ड लैंडिंग हुई थी। इस वजह से रनवे खराब हो गया था। ऐसे में यहां से संचालित होने वाली सभी फ्लाइटों को रोका दिया गया था। रनवे को ठीक करने का काम युद्धस्तर पर शुरू हुआ और शनिवार सुबह तक इसे पूरी तरह से ठीक कर लिया गया। सुबह 7.30 बजे पहले विमान ने यहां से उड़ान भरी और 8 बजे तक विमानों की लैंडिंग भी शुरू हो गई। शनिवार रात तक यहां ट्रैफिक सामान्य होने की उम्मीद है।
शुक्रवार को प्लेन की हार्ड लैंडिंग के बाद भारतीय वायुसेना ने एक्स पर लिखा, "भारतीय वायुसेना के एक एयरक्राफ्ट से जुड़ी घटना की वजह से पुणे का रनवे कुछ समय के लिए बंद है। एयरक्रू सुरक्षित हैं और सिविल प्रॉपर्टी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। रनवे को चालू करने और जल्द से जल्द नॉर्मल ऑपरेशन फिर से शुरू करने की कोशिशें चल रही हैं।"
पायलट को नहीं हुआ कोई नुकसान
भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार रात बताया कि उसके एक विमान से जुड़ी घटना के बाद पुणे हवाई अड्डे का रनवे अस्थायी रूप से अनुपलब्ध है और रनवे के सुचारू संचालन के प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि विमान का चालक दल सुरक्षित है और आम लोगों की संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है। रनवे को जल्द से जल्द चालू करने और सामान्य परिचालन फिर से शुरू करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वायुसेना के एक विमान की हार्ड लैंडिंग हुई, लेकिन उन्होंने इससे अधिक कोई अन्य जानकारी नहीं दी।
रात 10.25 बजे हुई हार्ड लैंडिंग
पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, रात लगभग लगभग 10:25 बजे, एक लड़ाकू विमान में उतरते समय खराबी आ गई, जिसके कारण रनवे खराब हो गया। उन्होंने कहा, ''भारतीय वायुसेना एटीसी के अनुसार, रनवे पर स्थिति ठीक करने और सामान्य परिचालन बहाल करने में चार-पांच घंटे लगेंगे।'' उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने हवाई अड्डे पर रनवे संचालन बंद होने की पुष्टि की। मोहोल ने एक्स पर कहा, ''शुक्र है, विमान का चालक दल सुरक्षित है और नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है। विमानन कंपनियों को सूचित कर दिया गया है, और रनवे पर सामान्य परिचालन बहाल होने में लगभग पांच घंटे लग सकते हैं।'' उन्होंने कहा, ''स्थिति का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने के लिए मैं हवाई अड्डे के निदेशक और वायुसेना के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हूं।''
कई फ्लाइट कैंसिल
पुणे एयरपोर्ट का रनवे खराब होने के कारण रात में कई फ्लाइट कैंसिल हो गईं। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि इंडिगो की 65 फ्लाइट कैंसिल हुईं। इनमें से 31 यहां लैड करने वाली थीं और 34 को टेकऑफ करना था। एयर इंडिया के भी 6 फ्लाइट कैंसिल हुईं, जिनमें, 3 यहां से जाने वाली थीं और तीन यहां आ रही थीं। इसके साथ ही स्पाइसजेट के 2 आने वाले, 3 जाने वाले विमान, अकासा एयर के 2 आने वाले, 3 जाने वाले विमान और एयर इंडिया एक्सप्रेस के 5 आने वाले और 5 जाने वाले विमान कैंसिल हुए।
यह भी पढ़ें-
यूपी-दिल्ली में बारिश से राहत, मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट, IMD ने बताया कब लौटेगी गर्मी