1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'राहुल गांधी की जान को है खतरा', शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत बोले- उनके खिलाफ रची जा रही साजिश

'राहुल गांधी की जान को है खतरा', शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत बोले- उनके खिलाफ रची जा रही साजिश

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Sep 18, 2024 02:09 pm IST,  Updated : Sep 18, 2024 02:09 pm IST

शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने भाजपा और शिवसेना पर निशाना साधा है। दोनों पार्टियों के नेताओं द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणियों की उन्होंने निंदा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की जान को खतरा है।

Rahul Gandhi's life is in danger Shiv Sena ubt leader Sanjay Raut said a conspiracy is being hatched- India TV Hindi
'राहुल गांधी की जान को है खतरा': संजय राउत Image Source : PTI

शिव सेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने बुधवार को राहुल गांधी के खिलाफ साजिश रचे जाने और उनकी जान को खतरा होने का आरोप लगाया तथा राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिव सेना के जनप्रतिनिधियों की ओर से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ की गई टिप्पणियों की निंदा की। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने गांधी के खिलाफ सत्तारूढ़ दलों के नेताओं की टिप्पणियों के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ‘चुप्पी’ पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली, लखनऊ और महाराष्ट्र के लोग वही भाषा बोल रहे हैं, जैसे कि उनका (गांधी) हश्र उनकी दादी (इंदिरा गांधी) और उनके पिता (राजीव गांधी) की तरह होगा।"

संजय राउत ने कही ये बात

उन्होंने कहा कि गृह मंत्री और प्रधानमंत्री कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, इसका मतलब है कि वे ऐसी टिप्पणी करने वाले लोगों के साथ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम इसकी (गांधी पर टिप्पणी) और इन दोनों नेताओं (प्रधानमंत्री और गृह मंत्री) की चुप्पी की भी निंदा करते हैं। वह (राहुल) विपक्ष के नेता हैं और उन्हें कैबिनेट रैंक प्राप्त है। जब आपकी पार्टी के लोग उन पर हमला करने की बात करते हैं और आप (प्रधानमंत्री और गृह मंत्री) चुप रहते हैं।’’ शिव सेना के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’’ 

"राहुल गांधी के खिलाफ हो रही साजिश"

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी के खिलाफ साजिश हो रही है और उनकी जान को खतरा है। कुछ लोग उन पर हमला करने की सोच रहे हैं।’’ भाजपा के राज्यसभा सदस्य अनिल बोंडे ने कहा है कि गांधी की जुबान दाग दी जानी चाहिए क्योंकि उन्होंने आरक्षण के बारे में जो कहा है वह खतरनाक है। बुलढाणा से शिव सेना विधायक संजय गायकवाड़ ने आरक्षण को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी के लिए उनकी जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। अमेरिका की अपनी हालिया यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय में छात्रों से कहा था कि कांग्रेस तभी आरक्षण खत्म करने के बारे में सोचेगी, जब देश में सभी को समान अवसर मिलने लगेंगे। उन्होंने कहा था, ‘‘फिलहाल भारत में ऐसी स्थिति नहीं है।’’ 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।