पालघर: मौसम विभाग ने पालघर जिले के लिए कल यानी गुरुवार (02 जुलाई 2026) को अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के संभावित भारी से अत्यधिक भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिला कलेक्टर इंदूरानी जाखड़ ने जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। जानकारी के मुताबिक जिले में आज पूरे दिन लगातार तेज बारिश होती रही। कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में जिले के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए हैं और नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। इस बीच, रेड अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और सभी स्थानीय निकायों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्हासनगर में भारी बारिश से मची तबाही
उल्हासनगर में हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर नगर प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी, उल्हासनगर-4 स्थित जिजामाता कॉलोनी में भारी जलभराव के कारण कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. लगातार हुई बारिश के चलते जिजामाता कॉलोनी की गलियों में कमर तक पानी भर गया। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कुछ ही घंटों में पूरा इलाका पानी में डूब गया। कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान का भारी नुकसान हुआ और लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
बारिश से स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पंपों की मदद से पानी निकालने का काम शुरू किया। हालांकि, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। बार-बार होने वाले जलभराव से नाराज स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।
(उल्हासनगर से सुनील शर्मा, पालघर से हनीफ की रिपोर्ट)