1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: ट्रेन से लटक कर 'कृष' बन रहा था शख्स, RPF ने सिखाया सबक; मांगने लगा माफी

VIDEO: ट्रेन से लटक कर 'कृष' बन रहा था शख्स, RPF ने सिखाया सबक; मांगने लगा माफी

 Reported By: Saket Rai, Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 04, 2026 07:55 am IST,  Updated : Jan 04, 2026 07:55 am IST

मुंबई में एक शख्स ट्रेन से लटक कर स्टंटबाजी कर रहा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद आरपीएफ ने शख्स को पकड़कर चेतावनी दी, जिसके बाद युवक माफी मांगता दिखा।

स्टंटबाजी करने वाले युवक को आरपीएफ ने पकड़ा। - India TV Hindi
स्टंटबाजी करने वाले युवक को आरपीएफ ने पकड़ा। Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ एक युवक को भारी पड़ गई। यहां लोकल ट्रेन में जानलेवा स्टंट कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वाले युवक को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार किया है। यह मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने युवाओं को सख्त चेतावनी दी है कि लाइक्स और व्यूज़ के लिए अपनी जान जोखिम में डालना कानूनन अपराध है।

युवक ने किया खतरनाक स्टंट

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुंबई के डॉकयार्ड रोड रेलवे स्टेशन क्षेत्र की है, जहां एक युवक ने रेलवे ट्रैक और लोकल ट्रेन के भीतर खतरनाक स्टंट किया। इस पूरे स्टंट का वीडियो बनाकर उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया, जो कुछ ही समय में वायरल हो गया। वीडियो के सामने आते ही रेलवे सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों को इसकी सूचना मिली।

आरपीएफ ने शख्स को पकड़ा

31 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया के जरिए शिकायत मिलने के बाद RPF की आईटी सेल ने वीडियो की जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद RPF की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे मस्जिद बंदर इलाके से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि हासिल करने के उद्देश्य से यह खतरनाक स्टंट किया था। 

शख्स ने मांगी माफी

आरोपी की पहचान बिहार निवासी बाबुल के रूप में हुई है। RPF के अनुसार, युवक ने न केवल नियमों का उल्लंघन किया बल्कि अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाला। जांच के दौरान आरोपी ने सोशल मीडिया से वीडियो हटाने की बात कही और भविष्य में इस तरह की हरकत न करने का आश्वासन दिया। मामले में रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है और युवक को नोटिस पर रिहा किया गया है।

पुलिस ने दी चेतावनी

रेलवे सुरक्षा बल ने इस घटना के बाद एक बार फिर स्पष्ट किया है कि रेलवे परिसर में इस तरह के स्टंट न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि गंभीर हादसों का कारण भी बन सकते हैं। RPF ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान को खतरे में न डालें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें-

भिवंडी में भिड़े BJP-कांग्रेस के कार्यकर्ता, जमकर चले लाठी-डंडे और कुर्सियां; दो घायल

'जब ट्रंप कर सकता है तो आपको भी करना पड़ेगा', AIMIM चीफ ओवैसी ने मंच से PM मोदी को लेकर कह दी बड़ी बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।