सांगली: महाराष्ट्र के सांगली जिले में तेज बारिश और आंधी के चलते बड़ा हादसा हो गया। यहां मंदिर परिसर की दीवार तेज बारिश और आंधी के कहर को सहन नहीं कर पाई भरभरा कर गिर गई। दीवार ठहने से 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
दीवार गिरते ही मची अफरा-तफरी
यह हादसा उस वक्त हुआ जब इलाके में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीवार गिरते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोग मलबे में दब गए और चारों ओर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक 6 लोगों के मौत की खबर है। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।
मार्गूदेवी मंदिर में हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक यह घटना पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली ज़िले की जठ तहसील के मोटेवाड़ी गांव में स्थित मार्गूदेवी मंदिर में हुई। मंदिर परिसर की दीवार के साथ ही टिन की चादरें भी गिर गईं। पुलिस ने बताया कि आमतौर पर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मंदिर में आते हैं।
हादसे के वक्त मंदिर परिसर में 350 श्रद्धालु थे मौजूद
सांगली के पुलिस अधीक्षक तुषार दोषी ने कहा कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त मंदिर परिसर में लगभग 350 श्रद्धालु मौजूद थे। शाम को अचानक तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश होने लगी, जिससे श्रद्धालुओं ने एक दीवार के सहारे और टिन की चादरों के नीचे शरण ली। अचानक दीवार और टिन की चादरें गिर गईं, जिससे श्रद्धालु उनके नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि इस हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 से 14 अन्य घायल हो गए।