महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सुनेत्रा पवार ने 2 लाख से ज्यादा वोट से जीत हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में बड़े अंतर से विधानसभा चुनाव जीतने के पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सुनेत्रा के खिलाफ 22 लोगों ने चुनाव लड़ा था, लेकिन इनमें से कोई भी किसी बड़ी पार्टी के टिकट पर नहीं था। इसका असर यह हुआ कि सभी विपक्षी उम्मीदवार सुनेत्रा के सामने एक-एक वोट को तरस गए। किसी को 42 वोट मिले तो किसी को 43 वोट से ही संतोष करना पड़ा।
दो उम्मीदवारों को 500 से ज्यादा वोट
न्यू राष्ट्रीय समाज पार्टी के प्रोफेसर आरवाई गुटुकडे सर दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन उनके खाते में भी सिर्फ 935 वोट ही गए। 774 लोगों ने नोटा का बटन दबाया और नोटा को मिले वोट 21 उम्मीदवारों को मिले वोट से ज्यादा थे। 533 वोट पाने निर्दलीय उम्मीदवार विराज महादेव शिंदे तीसरे स्थान पर रहे। इनके अलावा कोई भी उम्मीदवार 500 वोट भी नहीं हासिल कर सका।
11 उम्मीदवारों को 100 से कम वोट
बारामती उपचुनाव में 11 उम्मीदवार ऐसे थे, जिन्हें 100 वोट भी नहीं मिले। एडवोकेट अविनाश गायकवाड़ को 92 लोट मिले तो साजन भगवान को 85 वोट मिले। रोहित राजू भोसले को 70, बालासो मारुती धपाटे को 57, योगेश मोहन को 50, सतीश नाना सोनावने को 48, गजानन पाटिल को 47, सागर भिषे को 45, सीताराम विट्ठल को 45, दत्तात्रेय बेडारे को 43, चंद्रकांत रंभाजी मोती को 42 वोट मिले।
उपचुनाव में दोनों सीटों पर महायुति की जीत
महाराष्ट्र में दो सीटों पर उपचुनाव हुआ और दोनों सीटों में महायुति गठबंधन के उम्मीदवार को जीत मिली। बारामती में सुनेत्रा पवार ने जीत हासिल की। वहीं, राहुरी सीट पर बीजेपी के अक्षय शिवाजीराव करढिले ने 112587 वोट से जीत हासिल की। उन्होंने कुल 140093 वोट हासिल किए। एनसीपी शरद पवार गुट के मोकाते गोविंद खांडू दूसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 27506 वोट मिले।
यह भी पढ़ें-
मुंबई: बांद्रा ईस्ट में जारी रहेगी झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई, बॉम्बे हाईकोर्ट ने दी अनुमति
मुंबई में सड़क किनारे पेशाब करने से रोकने पर ली जान, बुजुर्ग महिला की बेरहमी से की हत्या