मुंबई: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में समुद्र तट पर एक अज्ञात नाव मिलने का मामला सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि यह नाव किसी दूसरे देश की हो सकती है। फिलहाल अभी तक इस मामले में कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं संदिग्ध नाव मिलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम एक्टिव हो गई है। मौके पर पुलिस के अलावा नौसेना और तटरक्षक बलों को भी तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा बम होने की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि एहतियात के तौर पर जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने रविवार को घटना के बारे में जानकार दी। पुलिस के मुताबिक रायगढ़ जिले में रेवदंडा तट के पास एक संदिग्ध नाव देखी गई। इसके बाद तटरेखा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक अधिकारी ने बताया कि नाव को सुरक्षाकर्मियों ने रेवदंडा में कोरलाई तट से करीब दो समुद्री मील दूर देखा। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि नाव पर किसी दूसरे देश के चिह्न हैं और यह बहकर रायगढ़ तट की ओर आ गई होगी। अलर्ट के बाद रायगढ़ पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS), क्विक रिस्पांस टीम (QRT), नौसेना और तटरक्षक बल की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ स्थिति पर नजर रखने के लिए तट पर पहुंचीं। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण नाव तक पहुंचने के प्रयासों में बाधा आई। अधिकारी ने बताया कि एसपी आंचल दलाल ने खुद एक बजरे (छोटी नाव) का इस्तेमाल कर नाव तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियात के तौर पर जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। (इनपुट- पीटीआई)
संपादक की पसंद