1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. "धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे", फडणवीस ने राहुल गांधी पर कसा तंज

"धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे", फडणवीस ने राहुल गांधी पर कसा तंज

 Published : Jun 08, 2025 01:59 pm IST,  Updated : Jun 08, 2025 02:03 pm IST

देवेंद्र फडणवीस से जब राहुल गांधी के आरोपों के बारे में पूछा गया तो फडणवीस ने कहा-'मैं राहुल गांधी को इतना ही कहना चाहूंगा कि ताउम्र राहुल गांधी आप यही गलती करते रहे, धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे।'

devendra fadnavis, maharashtra- India TV Hindi
देवेंद्र फडणवीस, सीएम, महाराष्ट्र Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोप इन दिनों सुर्खियों में है।  उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव मैच फिक्सिंग के समान थी। अब उनके बयान पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने चुटकी लेते हुए कहा कि धूल तो उनके चेहरे पर थी और वो आईना साफ करते रहे। 

देवेंद्र फडणवीस से जब राहुल गांधी के आरोपों के बारे में पूछा गया तो फडणवीस ने कहा-'मैं राहुल गांधी को इतना ही कहना चाहूंगा कि ताउम्र राहुल गांधी आप यही गलती करते रहे, धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे।' इससे पहले फडणवीस ने कहा था कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में धांधली किये जाने का दावा कर यहां के लोगों और महिला मतदाताओं का ‘अपमान’ किया है। फडणवीस ने कहा कि गांधी द्वारा किए गए दावे आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार की उनकी स्वीकारोक्ति के समान हैं। मुख्यमंत्री ने राहुल से अपील की कि वह झूठ बोलकर खुद को ‘‘झूठा दिलासा’’ देने से बचें। 

राहुल गांधी ने क्या आरोप लगाए?

राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ‘‘लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट’’ था। उन्होंने कहा कि यह ‘‘मैच फिक्सिंग’’ अब बिहार में भी दोहराई जाएगी और फिर उन जगहों पर भी ऐसा ही किया जाएगा, जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हार रही होगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘‘मैच फिक्स’’ किए गए चुनाव लोकतंत्र के लिए जहर हैं। उन्होंने कहा कि जो पक्ष धोखाधड़ी करता है, वो भले ही जीत जाए, लेकिन इससे लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर होती हैं और जनता का नतीजों से भरोसा उठ जाता है। 

मतदाता सूची में फर्जी मतदाता जोड़े गए?

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित अनियमितता के बारे में चरणबद्ध तरीके से बताया है कि कैसे मतदाता सूची में फर्जी मतदाता जोड़े गए, मतदान प्रतिशत बढ़ा चढ़ा कर दिखाए गए, फर्जी मतदान कराए गए और बाद में सबूत छिपाए गए। गांधी ने अखबार में प्रकाशित लेख की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘चुनाव की चोरी का पूरा खेल! 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट था।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने अपने लेख में चरण दर चरण विस्तार से बताया है कि कैसे यह साजिश रची गई : चरण 1: निर्वाचन आयोग की नियुक्ति करने वाली समिति पर कब्जा किया गया। चरण 2: फर्जी मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया। चरण 3: मतदान प्रतिशत बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए। चरण 4: जहां भाजपा को जिताना था, वहां लक्षित करके फर्जी मतदान कराया गया। चरण 5: सबूतों को छिपा दिया गया।’’ 

मैच फिक्सिंग की तरह होती है चुनावी धांधली!

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ये समझना बिल्कुल मुश्किल नहीं है कि महाराष्ट्र में भाजपा इतनी बौखलाई हुई क्यों थी। चुनाव में धांधली भी मैच फिक्सिंग की तरह होती है, जो पक्ष धोखाधड़ी करता है, वो भले ही जीत जाए, लेकिन इससे लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर होती हैं और जनता का नतीजों से भरोसा उठ जाता है। हर जिम्मेदार नागरिक को सबूतों को खुद देखना चाहिए, सच्चाई समझनी चाहिए और जवाब मांगने चाहिए।’

फडणवीस ने दोनों अखबारों में प्रकाशित राहुल के लेख की ओर इशारा करते हुए कहा कि गांधी को अज्ञानता से जागना चाहिए और कांग्रेस पार्टी के अधंकारमय भविष्य की जमीनी हकीकत को समझना चाहिए। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब तक राहुल गांधी जमीनी हालात को नहीं समझेंगे और खुद से झूठ बोलना तथा झूठे दिलासे देना बंद नहीं करेंगे, तब तक उनकी पार्टी कभी नहीं जीतेगी। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।