नई दिल्ली। जर्मनी की लग्जरी कार कंपनी बीएमडब्ल्यू की भारतीय इकाई BMW India ने भारत में अपने पेट्रोल संस्करण का विस्तार करते हुए अपनी एसयूवी BMW X3 और X5 का पेट्रोल संस्करण लॉन्च किया है। बीएमडब्ल्यू X3 xDrive28i की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 54.90 लाख रुपए है। इसी प्रकार X5 xDrive35i की कीमत 73.50 लाख रुपए है।
कंपनी ने एक बयान में बताया कि इन दोनों कारों का उत्पादन भारत में ही चेन्नई स्थित संयंत्र में हुआ है। अब देशभर में यह दोनों मॉडल पेट्रोल और डीजल संस्करण में उपलब्ध हैं। कंपनी के भारतीय परिचालन के कार्यवाहक अध्यक्ष फ्रैंक स्क्लोडर ने कहा कि बीएमडब्ल्यू के पेट्रोल इंजन गतिशीलता और क्षमता का एक उचित मिश्रण हैं। इन दोनों मॉडल को पेट्रोल संस्करण में पेश करके हम अपने ग्राहकों को और बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना चाहते हैं।
बीएमडब्ल्यू X3 xDrive28i में 2.0 लीटर चार सिलेंडर मोटर ट्यून्ड इंजन लगा है जो 242 बीएचपी की पावर और 350 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। BMW X5 xDrive35i में 3.0 लीटर इन-लाइन छह सिलेंडर पेट्रोल इंजन लगा है जो 302 बीएचपी और 400 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। दोनों इंजन में 8-स्पीड स्टेपट्रोनिक ट्रांसमिशन सिस्टम है और यह दोनों ही एसयूवी 6.5 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार हासिल कर सकती हैं। बीएमडब्ल्यू X3 और X5 पेट्रोल संस्करण का मुकाबला मर्सिडीज बेंज GLC और जगुआर F-Pace के साथ है।