1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Car tips and tricks: मैनुअल कार में क्लच का होता है बेहद खास काम, इन 5 टिप्स और ट्रिक्स से इसे हमेशा रखें फिट एंड फाइन

Car tips and tricks: मैनुअल कार में क्लच का होता है बेहद खास काम, इन 5 टिप्स और ट्रिक्स से इसे हमेशा रखें फिट एंड फाइन

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 21, 2023 11:00 pm IST,  Updated : Mar 21, 2023 11:00 pm IST

मैनुअल कार चलाने के लिए क्लच का होना बहुत जरूरी है। इसके बगैर आप गाड़ी चालू तो कर सकते हैं, लेकिन इसे चला नहीं सकते। इस पर ध्यान नहीं देने से क्लच की उम्र कम हो जाती है। आप अपनी कार के क्लच की देखभाल करने के लिए इन 5 आसान टिप्स और ट्रिक्स को फॉलो करें।

Car clutch tips and tricks- India TV Hindi
कार क्लच की लंबी उम्र और देखभाल के लिए टिप्स Image Source : CANVA

Car tips and tricks: मैनुअल कारों में क्लच का बहुत ही महत्वपूर्ण काम होता है। इसके बगैर आप गाड़ी को हिला भी नहीं सकते हैं। शुरुआती समय में लोग क्लच प्लेट और पेडल के ऊपर खूब ध्यान देते हैं। धीरे-धीरे इस पर ध्यान देना बंद कर देने के कारण क्लच की उम्र भी कम हो जाती है। सिर्फ इतना ही नहीं इसे नजर अंदाज करने से सीधे तौर पर इंजन के ऊपर असर होता है। इसे सही तरीके से इस्तेमाल नहीं करने पर क्लच प्लेट जलने के कारण गाड़ी के ऊपर हजारों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। आप अपनी गाड़ी को फिट एंड फाइन रखने के लिए इन 5 आसान टिप्स और ट्रिक्स को फॉलो करें।

1. क्लच दबाकर कार नहीं चलाएं

कई एक्सपर्ट ड्राइवर भी क्लच को लेकर एक छोटी सी गलती कर जाते हैं। दरअसल इसके ऊपर लगातार पैर रखकर गाड़ी चलाने से बचना चाहिए। इस तरह क्लच इस्तेमाल करने से इसकी उम्र कम हो जाती है। इसके अलावा क्लच पेडल के ऊपर मौजूद रबर को बार-बार घिसने से लोग इसे बदलने के लिए पैसे खर्च करते हैं। अधिक ताकत से इसे दबाकर गाड़ी चलाने से प्लेट को सिकुड़ने का खतरा रहता है।

2. क्लच दबाए बगैर भी लगा सकते हैं ब्रेक 

ब्रेक लगाने के लिए अधिकतर लोग क्लच को भी दबाते हैं। आप इसे दबाए बगैर भी केवल ब्रेक का इस्तेमाल करते हुए गाड़ी को आसानी से रोक सकते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं क्लच और ब्रेक दोनों को एक साथ दबाने पर गाड़ी की माइलेज में कमी आती है। जरूरत पड़ने पर आप क्लच दबाकर गियर बदल सकते हैं। गाड़ी की स्पीड कम होने पर या इसे रोकने के बाद न्यूट्रल करना ना भूलें।

3. रेड लाइट पर क्लच ऐसे करें इस्तेमाल

मैनुअल कार में क्लच का बहुत बड़ा योगदान होता है। इसकी उम्र को बढ़ाने के लिए रेड लाइट पर क्लच के ऊपर ध्यान देना जरूरी है। अधिकतर लोग रेड लाइट पर गाड़ियों को बंद करना भूल जाते हैं। कुछ लोग जानबूझकर भी इसे चालू रखते हैं। इस समय आप गाड़ी को न्यूट्रल में कर सकते हैं। ग्रीन सिग्नल होने तक क्लच को दबाकर रखने से यह कमजोर होता है।

4. पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे करें क्लच का इस्तेमाल

अगर आप पहाड़ी क्षेत्र में रहते हैं या फिर घूमने के लिए जाने वाले हैं तो क्लच के ऊपर खास तौर पर ध्यान देना जरूरी है। चढ़ाई करते समय कुछ लोग गाड़ी की स्पीड को कम करने के लिए क्लच और ब्रेक दोनों का इस्तेमाल करते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं कुछ लोग साथ में एक्सेलरेटर भी दबाते हैं। इसका सीधे तौर पर असर इंजन के ऊपर होता है। गाड़ी गर्म होने से क्लच प्लेट जलने की संभावना बनी रहती है।

5. क्लच केवल जरूरत के समय करें इस्तेमाल 

भीड़ भाड़ वाली सड़कों पर क्लच की जरूरत बहुत ज्यादा पड़ती है। इसे समझदारी से इस्तेमाल करने पर आप क्लच की उम्र को और भी ज्यादा लंबी कर सकते हैं। जब आपको इसकी जरूरत पड़े तभी इस्तेमाल करें। बेवजह इस दबाने पर इसकी उम्र घट जाती है। कभी भी क्लच और एक्सेलरेटर दोनों एक साथ दबाने की कोशिश नहीं करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा