1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अमेरिका में भारतीय महिलाओं ने अपने दम पर खड़ा किया कारोबार, फोर्ब्‍स ने सफल महिलाओं की लिस्‍ट में किया शामिल

अमेरिका में भारतीय महिलाओं ने अपने दम पर खड़ा किया कारोबार, फोर्ब्‍स ने सफल महिलाओं की लिस्‍ट में किया शामिल

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jun 02, 2016 03:41 pm IST,  Updated : Jun 02, 2016 04:57 pm IST

अमेरिका की 60 सबसे धनी और सफल महिलाओं की एक लिस्‍ट फोर्ब्‍स ने तैयार की है। इस लिस्‍ट में भारतीय मूल की दो महिलाएं भी शामिल हैं।

US में भारतीय महिलाओं ने अपने दम पर खड़ा किया कारोबार, फोर्ब्‍स की सफल महिलाओं की सूची में शामिल- India TV Hindi
US में भारतीय महिलाओं ने अपने दम पर खड़ा किया कारोबार, फोर्ब्‍स की सफल महिलाओं की सूची में शामिल

न्‍यूयॉर्क। अपनी मेहनत के बल पर उद्यम क्षेत्र में नई उंचाईयों को छूने वाली अमेरिका की 60 सबसे धनी और सफल महिलाओं की एक लिस्‍ट फोर्ब्‍स ने तैयार की है। इस लिस्‍ट में भारतीय मूल की दो महिलाएं भी शामिल हैं, जो नवोन्मेष और नई खोज के बल पर आगे बढ़ी हैं।

भारत में जन्मी नीरजा सेठी का नाम इस लिस्‍ट में 16वें स्थान पर है। नीरजा सेठी ने पति भारत देसाई के साथ मिलकर आईटी सलाहकार एवं आउटसोर्सिंग कंपनी सिंटेल की शुरुआत की है। ऐसी दूसरी महिला अरिस्ता नेटवर्क्‍स की अध्यक्ष एवं सीईओ जयश्री उल्लाल को 30वां स्थान मिला है। सेठी, 61 वर्ष की हैं और उनकी कंपनी की शुद्ध संपत्ति 1.1 अरब डॉलर के बराबर है। उनकी कंपनी में 25,000 लोग काम करते हैं। हाल में उनकी कंपनी शेयर मूल्य के हिसाब से बाजार में 3.6 अरब डॉलर की थी।

वहीं जयश्री उल्लाल (55) की कंपनी की नेटवर्थ 47 करोड़ डॉलर की है। वह 2008 में अरिस्ता नेटवर्क्‍स की सीईओ बनी थीं। तब कंपनी की कमाई के नाम पर कुछ नहीं था और इसमें 50 से कम कर्मचारी थे। 2015 में उसकी आय 83.80 करोड़ डॉलर पर पहुंच गई। इसके शेयर जून 2014 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराए गए। खुद के बल पर उंचाईयों को  छूने वाली अमेरिका की धनी महिलाओं की सूची में सबसे ऊपर डेयने हैंड्रिक हैं। वह एबीसी सप्लाई की मालिक हैं, जो देश में छत और साइडिंग (छल्ली) बनाने में काम आने वाली निर्माण सामग्री की सबसे बड़ी थोक वितरक है। हैंड्रिक्स की संपत्ति इस समय 4.9 अरब डॉलर है।

अमेरिका की इन 60 धनी महिलाओं की कुल संपत्ति 53 अरब डॉलर आंकी गई है। इन महिलाओं ने अपनी खुद की मेहनत और खोज से देश में कुछ बड़े ब्रांड तैयार किए हैं इनमें गैप और स्पेंक्स प्रमुख हैं। वहीं इनमें कई महिलाओं ने फेसबुक, ई-बे और गूगल सहित कई प्रौद्योगिकी कंपनियों में मदद की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा