1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. जेफ बेजोस बने दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्‍यक्ति, अमेजन के शेयर में आया बड़ा उछाल

जेफ बेजोस बने दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्‍यक्ति, अमेजन के शेयर में आया बड़ा उछाल

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Mar 30, 2017 02:49 pm IST,  Updated : Mar 30, 2017 02:54 pm IST

अमेजन डॉट कॉम के संस्‍थापक और सीईओ जेफ बेजोस अमेनसियो ओरटेगा और वॉरेन बफेट को पछाड़कर दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्‍यक्ति बन गए हैं।

न्‍यूयॉर्क। अमेजन डॉट कॉम के संस्‍थापक और सीईओ जेफ बेजोस यूरोप के सबसे अमीर व्‍यक्ति अमेनसियो ओरटेगा और अरबपति निवेशक वॉरेन बफेट को पछाड़कर दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्‍यक्ति बन गए हैं।

बुधवार को अमेजन डॉट कॉम के शेयर का भाव बढ़कर 18.32 डॉलर हो गया, जिससे 53 वर्षीय बेजोस की संपत्ति में 1.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। अमेजन के शेयर में यह बढ़ोतरी उस घोषणा के बाद आई है जिसमें अमेजन ने दुबई की ऑनलाइन रिटेलर Souq.com को खरीदने की योजना का उल्‍लेख किया है।

ब्‍लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्‍स में बेजोस की शुद्ध संपत्ति 75.6 अरब डॉलर हो गई है, जो बर्कशायर हेथवे इंक के वॉरेन बफेट की कुल संपत्ति से 70 करोड़ डॉलर और ओरटेगा की संपत्ति से 1.3 अरब डॉलर अधिक है। ओरटेगा इंडीटेक्‍स एसए के संस्‍थापक और यूरोप के सबसे अमीर व्‍यक्ति हैं।

अमेजन के संस्‍थापक ने इस साल अपनी संपत्ति में 10.2 अरब डॉलर की राशि जोड़ी है। 8 नवंबर को डोनाल्‍ड ट्रंप के अमेरिका का राष्‍ट्रपति बनने के बाद शेयर बाजारों में तेजी आने के बाद से बेजोस की संपत्ति 7 अरब डॉलर बढ़ी है। 2017 में ब्‍लूमबर्ग इंडेक्‍स में यह बढ़ोतरी तीसरी सबसे बड़ी है। चीन की पार्सल डिलीवरी अरबपति वैंग वाई की संपत्ति इस दौरान 18.4 अरब डॉलर और फेसबुक के संस्‍थापक मार्क जुकरबर्ग की 11.4 अरब डॉलर बढ़ी है।

2017 में बफेट की संपत्ति 1.7 अरब डॉलर बढ़ी है। एक मार्च को उनकी संपत्ति 79.6 अरब डॉलर थी, जिसमें अब तक 4.7 अरब डॉलर की कमी आ चुकी है। बेजोस अभी भी दुनिया के सबसे अमीर व्‍यक्ति माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्‍थापक बिल गेट्स से 10.4 अरब डॉलर पीछे हैं। बिल गेट्स की कुल संपत्ति 86 अरब डॉलर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा