1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. प्याज पर सरकार ने लगाई स्टॉक लिमिट, राज्यों को केंद्र ने दिया निर्देश

प्याज पर सरकार ने लगाई स्टॉक लिमिट, राज्यों को केंद्र ने दिया निर्देश

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Aug 23, 2017 04:17 pm IST,  Updated : Aug 23, 2017 05:09 pm IST

केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राम विलास पासवान ने कहा है कि सभी राज्यों को प्याज पर स्टॉक लिमिट लगाने का निर्देश दे दिया गया है।

प्याज पर सरकार ने लगाई स्टॉक लिमिट, राज्यों को केंद्र ने दिया निर्देश- India TV Hindi
प्याज पर सरकार ने लगाई स्टॉक लिमिट, राज्यों को केंद्र ने दिया निर्देश

नई दिल्ली। प्याज की लगातार बढ़ रही कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने कदम उठाया है। केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राम विलास पासवान ने कहा है कि सभी राज्यों को प्याज पर स्टॉक लिमिट लगाने का निर्देश दे दिया गया है। स्टॉक लिमिट प्याज के थोक विक्रेताओं और व्यापारियों पर लागू होगी। खाद्य मंत्री ने अपने ट्विटर हेंडल के जरिए ये जानकारी दी है।

पिछले कुछ समय से देशभर की खुदरा और रिटेल मंडियों में प्याज की कीमतों में एकतरफा तेजी देखने को मिल रही थी। कई खुदरा मंडियों में प्याज का भाव 40 रुपए के ऊपर चल रहा है। उपभोक्ता मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में प्याज का भाव 38 रुपए, कोलकाता में 40 रुपए, मालदा में भी 40 रुपए, शिलोंग में 42 रुपए, गंगटोक में भी 42 रुपए, मैसूर में 38 रुपए, एर्नाकुलम में 40 रुपए, मुंबई में 34 रुपए, नागपुर में 38 रुपए, राजकोट में भी 38 रुपए और चेन्नई में 29 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया है।

इस साल देश में प्याज की फसल अच्छी है लेकिन मजबूत निर्यात मांग की वजह से प्याज की कीमतों में उठाव देखा जा रहा है। मौजूदा वित्तवर्ष 2017-18 के पहले 2 महीने यानि अप्रैल और मई के दौरान देश से करीब 7 लाख टन प्याज का निर्यात हो चुका है जो वित्तवर्ष 2016-17 की समान अवधि के मुकाबले 127 फीसदी अधिक है, पिछले साल इस दौरान देश से 3.08 लाख टन प्याज का एक्सपोर्ट हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा