1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. लगातार दूसरे दिन बढ़े डीजल के दाम, दिल्ली में 82 रुपये लीटर के करीब

लगातार दूसरे दिन बढ़े डीजल के दाम, दिल्ली में 82 रुपये लीटर के करीब

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 26, 2020 11:58 am IST,  Updated : Jul 26, 2020 11:58 am IST

पेट्रोल के दाम में लगातार 27वें दिन कोई फेरबदल नहीं हुआ

Diesel price up- India TV Hindi
Diesel price up Image Source : FILE

नई दिल्ली। डीजल के दाम में रविवार को फिर लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी हुई। इन दो दिनों में देश की राजधानी दिल्ली में डीजल की कीमत 30 पैसे बढ़कर 82 रुपये लीटर के करीब हो गई है जबकि कोलकाता में 77 रुपये लीटर के पार चली गई है। हालांकि पेट्रोल के दाम में लगातार 27वें दिन कोई फेरबदल नहीं हुआ। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने डीजल के दाम में फिर दिल्ली में 15 पैसे, कोलकाता और चेन्नई में 13 पैसे जबकि मुंबई में 14 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में डीजल की कीमत बढ़कर क्रमश: 81.94 रुपये, 77.04 रुपये, 80.11 रुपये और 78.86 रुपये प्रति लीटर हो गई है। हालांकि चारों महानगरों में पेट्रोल का दाम भी लगातार 27वें दिन बिना किसी बदलाव के क्रमश: 80.43 रुपये, 82.10 रुपये, 87.19 रुपये और 83.63 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है।

देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के मुकाबले डीजल 1.51 रुपये लीटर महंगा हो गया है। उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में बीते दो सप्ताह से कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का भाव 10 जुलाई को भी 43 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था और 24 जुलाई को भी 43 डॉलर प्रति बैरल पर ही बंद हुआ।

अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के सितंबर वायदा अनुबंध शुक्रवार को पिछले सत्र से महज 0.07 फीसदी की बढ़त के साथ 43.34 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

वहीं, न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज (नायमैक्स) पर अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) का सितंबर डिलीवरी वायदा अनुबंध में पिछले सत्र से 0.66 फीसदी की बढ़त के साथ 41.34 डॉलर प्रति बैरल बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा