नई दिल्ली। पिछले 2-3 दिन से तापमान में जो बढ़ोतरी हुई है वह जल्दी ही खत्म हो सकती है क्योंकि मौसम विभाग ने फिर से बारिश और बर्फबारी के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले हफ्ते 24 फरवरी को उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी राज्यों में कुछएक जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा मध्य और पश्चिम भारत में कुछएक जगहों पर बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी भी है।
Related Stories
पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ बरसात
मौसम विभाग की तरफ से जारी की गई चेतावनी के मुताबिक 24 फरवरी को जम्मु-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछएक जगहों पर बरसात या बर्फबारी हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
इन राज्यों में ओले गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक 24 फरवरी के दिन उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र का उत्तरी भाग, मराठवाड़ा और विदर्भ में कुछेक इलाकों में गर्ज के साथ ओले गिरने की चेतावनी है, कुछेक जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
बारिश से रबी फसलों पर पड़ सकता है असर
करीब 10 दिन पहले भी मध्य और पश्चिम भारत में कुछएक जगहों पर ओले गिरे थे जिससे खेतों में खड़ी रबी फसलों को नुकसान पहुंचा था। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि पिछली बार की तरह इस बार नुकसान होने की आशंका कुछ कम है। पंजाब और हरियाणा में गेहूं की ज्यादा खेती है, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सरसों और चने की ज्यादा फसल है।