1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुंबई से पुणे की दूरी 3 घंटे की जगह 20 मिनट में कर सकेंगे तय, महाराष्ट्र सरकार ने किया हाइपरलूप के लिए करार

मुंबई से पुणे की दूरी 3 घंटे की जगह 20 मिनट में कर सकेंगे तय, महाराष्ट्र सरकार ने किया हाइपरलूप के लिए करार

 Edited By: Manish Mishra
 Published : Feb 19, 2018 01:15 pm IST,  Updated : Feb 19, 2018 01:15 pm IST

वर्जिन समूह ने रविवार महाराष्ट्र सरकार के साथ मुंबई और पुणे के बीच हाइपरलूप परिवहन प्रणाली के निर्माण के लिए ‘आशय पत्र’ पर दस्तखत किए हैं। इससे दोनों बड़े शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर 20 मिनट रह जाएगा। यह अभी तीन घंटे है।

Mumbai Pune Hyperloop- India TV Hindi
Mumbai Pune Hyperloop

मुंबई वर्जिन समूह ने रविवार महाराष्ट्र सरकार के साथ मुंबई और पुणे के बीच हाइपरलूप परिवहन प्रणाली के निर्माण के लिए ‘आशय पत्र’ पर दस्तखत किए हैं। इससे दोनों बड़े शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर 20 मिनट रह जाएगा। यह अभी तीन घंटे है। पहला हाइपरलूप मार्ग मध्य पुणे को वृहद महानगर के अलावा नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी जोड़ेगा। इसकी आधारशिला रविवार की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी।

वर्जिन समूह के चेयरमैन रिचर्ड ब्रैन्सन ने मैग्नेटिक महाराष्ट्र निवेशक सम्मेलन के पहले दिन कहा कि हमने महाराष्ट्र के साथ मुंबई और पुणे के बीच वर्जिन हाइपरलूप के निर्माण के लिए करार किया है। इसकी शुरुआत क्षेत्र में परीक्षण के तौर पर ट्रैक बनाने के साथ होगी। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के गेट पर आसान पहुंच के जरिए हम हर साल 15 करोड़ यात्रियों को लेकर जा सकेंगे।

ब्रैन्सन ने कहा कि इस प्रस्तावित हाइपरलूप परिवहन प्रणाली से पूरी परिवहन प्रणाली में बदलाव आएगा और महाराष्ट्र इस क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर उदाहरण होगा। उन्होंने दावा किया कि इससे हजारों रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। इस परियोजना का सामाजिक आर्थिक लाभ 55 अरब डॉलर का होगा।

अभी इस परियोजना का ब्योरा मसलन लागत और समयसीमा की घोषणा नहीं की गई है। हाइपरलूप मार्ग में पूरी तरह इलेक्ट्रिक प्रणाली होगी और इसमें प्रति घंटे 1,000 किलोमीटर तक दौड़ने की क्षमता होगी। यह प्रस्तावित परियोजना 6 महीने के गहन व्यवहार्यता अध्ययन के बाद शुरू होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा