1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दुनिया की 2,000 सबसे बड़ी और शक्तिशाली कंपनियों में भारत की 56

दुनिया की 2,000 सबसे बड़ी और शक्तिशाली कंपनियों में भारत की 56

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : May 26, 2016 05:30 pm IST,  Updated : May 26, 2016 05:47 pm IST

रिलायंस इंडस्ट्रीज दुनिया की 2,000 सबसे बड़ी और शक्तिशाली कंपनियों की सालाना फोर्ब्‍स सूची में शामिल भारत की 56 कंपनियों में शीर्ष पर है।

Forbes List: दुनिया की 2,000 सबसे बड़ी और शक्तिशाली कंपनियों में भारत की 56, अमेरिका 586 के साथ सबसे आगे- India TV Hindi
Forbes List: दुनिया की 2,000 सबसे बड़ी और शक्तिशाली कंपनियों में भारत की 56, अमेरिका 586 के साथ सबसे आगे

न्यूयॉर्क। मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज दुनिया की 2,000 सबसे बड़ी और शक्तिशाली कंपनियों की सालाना फोर्ब्‍स सूची में शामिल भारत की 56 कंपनियों में शीर्ष पर है। इस सूची में अमेरिका की 586 कंपनियों को जगह मिली है।

फोर्ब्‍स की 2016 की ग्लोबल 2000 सूची व्यवसाय जगत पर अमेरिका और चीन के वर्चस्‍व को उजागर करती है। इसकी शीर्ष 10 कंपनियों में अमेरिका और चीन का बोलबाला है। इन दो देशों के अलावा टॉप 10 में केवल जापान की एक कंपनी टोयोटा मोटर है, जो 10वें स्थान पर है। भारत की 56 कंपनियों में सामान्यत: वहीं कंपनियां हैं, जो पिछले साल भी इस सूची में थीं। रिलायंस इंडस्ट्रीज भारतीय कंपनियों की सूची में शीर्ष पर है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस साल अपनी रैंकिंग और बेहतर की और 121वें स्थान पर रही। पिछले साल यह 142वें स्थान पर थी। कंपनी का बाजार मूल्य 50.6 अरब डॉलर आंका गया है और इसकी परिसंपत्तियां 91.5 अरब डॉलर है। रिलायंस के बाद एसबीआई का स्थान है, जिसका बाजार मूल्य 23.3 अरब डॉलर है।  इस सूची में जगह बनाने वाली अन्य कंपनियों में ओएनजीसी (220), आईसीआईसीआई बैंक (266), एचडीएफसी बैंक (275), इंडियन ऑयल (371), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (385), एनटीपीसी (400), भारती एयरटेल (453), एक्सिस बैंक (484), इंफोसिस (590), भारत पेट्रोलियम (650), विप्रो (755), टाटा स्टील (1178) और अडानी एंटरप्राइजेज (1993) शामिल हैं।

फोर्ब्‍स की इस सूची में कोल इंडिया (465), लार्सन एंड टूब्रो (505), आईटीसी (781), कोटक महिंद्रा (899), महिंद्रा एंड महिंद्रा (901) और एचसीएल टेक्नोलॉजीज (943) भी शामिल हैं। इस सूची में पहले तीन स्थान पर चीन के तीन बैंकों इंडस्ट्रियल एंड कॉमर्शियल बैंक ऑफ चाइना, चाइना कंस्ट्रक्शन बैंक और एग्रिकल्चर बैंक ऑफ चाइना के नाम हैं।  इस सूची में अमेरिका की 586 कंपनियां शामिल हैं, चीन की मुख्यभूमि तथा हांगकांग की 249, जापान की 219, ब्रिटेन की 92 और दक्षिण कोरिया की 67 कंपनियां शामिल हैं। अमेरिकी की सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनियों में वारेन बफे की बर्कशायर हैथवे इस बार एक पायदान चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गई। प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एपल आठवें स्थान पर और बैंक ऑफ अमेरिका 11वें, वालमार्ट 15वें, माइक्रोसॉफ्ट 23वें, आईबीएम 41वें तथा गोल्डमैन सैक्‍स 77वें स्थान पर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा