1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. साइबर सुरक्षा में है 35 अरब डॉलर के कारोबारी अवसर, 10 लाख लोगों को मिल सकता है रोजगार

साइबर सुरक्षा में है 35 अरब डॉलर के कारोबारी अवसर, 10 लाख लोगों को मिल सकता है रोजगार

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Apr 18, 2016 07:57 pm IST,  Updated : Apr 18, 2016 07:57 pm IST

साइबर हमलों के बढते मामलों तथा वैश्विक स्तर पर डेटा सुरक्षा प्रयासों में तेजी आने से 35 अरब डॉलर के कारोबारी अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

साइबर सुरक्षा क्षेत्र में हैं 35 अरब डॉलर के कारोबारी मौके, 10 लाख लोगों को मिल सकता है रोजगार- India TV Hindi
साइबर सुरक्षा क्षेत्र में हैं 35 अरब डॉलर के कारोबारी मौके, 10 लाख लोगों को मिल सकता है रोजगार

नई दिल्ली: आईटी उद्योग के संगठन नैसकॉम ने कहा कि साइबर हमलों के बढ़ते मामलों तथा वैश्विक स्तर पर डेटा सुरक्षा प्रयासों में तेजी आने से 35 अरब डॉलर के कारोबारी अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही इससे 2025 तक भारत में रोजगार के लगभग 10 लाख अवसर सृजित होने का अनुमान है। नैसकॉम के साइबर सुरक्षा कार्यबल के अध्यक्ष राजेंद्र पवार ने यहां यह अनुमान व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, हमारा अनुमान है कि साइबर सुरक्षा क्षेत्र लगभग 2.5-3.0 अरब डॉलर या 150 अरब डॉलर के भारतीय आईटी उद्योग का लगभग दो प्रतिशत है। यह क्षेत्र 2025 तक 350 अरब डॉलर की ओर बढ़ रहा है तो हमारा मानना है कि इसका 10 प्रतिशत हिस्सा साइबर सुरक्षा में जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे लगभग दस लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। पवार ने कहा, एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू स्टार्टअप है। हमारा मानना है कि इस क्षेत्र में 1000 स्टार्टअप शुरू होंगे। नैसकॉम ने डेटा सिक्युरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) व सुरक्षा सॉफ्टवेयर कंपनी सिमेनटेक के साथ मिलकर 10 साइबर सुरक्षा रोजगारों के लिए नेशनल ऑक्यूपेशनल स्टेंडर्ड जारी किए।

यह भी पढ़ें- ओबामा ने मास्टरकार्ड के सीईओ अजय बंगा को साइबर सिक्यूरिटी कमीशन का मेंबर बनाया

साइबर सुरक्षा के लिए 900 पेशेवरों की नियुक्ति करेगी ब्रिटिश टेलीकॉम

ब्रिटेन की कंपनी ब्रिटिश टेलीकॉम एक साल के भीतर विश्वभर से 900 साइबर सुरक्षा पेशेवरों की नियुक्ति करने की योजना बना रही है।

कंपनी ने एक बयान में बताया कि अपने सुरक्षा कारोबार में अगले 12 महीनों में ब्रिटिश टेलीकॉम 900 लोगों को नियुक्त करने जा रही है। यह योजना बढ़ते साइबर अपराधों से लोगों, कारोबारियों और सरकारों को बचाने के लिए है। मौजूदा समय में ब्रिटिश टेलीकॉम में करीब 2,500 सुरक्षा पेशेवर काम करते हैं और यह विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में अपने सुरक्षा कंपनी का परिचालन करती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा