1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. गौतम अडानी को लगा झटका, जयपुर व उदयपुर में गैस वितरण का आवेदन हुआ निरस्‍त

गौतम अडानी को लगा झटका, जयपुर व उदयपुर में गैस वितरण का आवेदन हुआ निरस्‍त

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 03, 2019 06:35 pm IST,  Updated : Mar 03, 2019 06:35 pm IST

नियामक ने कहा है कि कंपनी का आवेदन एक लाइसेंस के लिए जरूरी नियमन का अनुपालन नहीं करता है।

Gautam Adani- India TV Hindi
Gautam Adani Image Source : GAUTAM ADANI

नई दिल्‍ली। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने जयपुर और उदयपुर में वाहनों के लिए सीएनजी की खुदरा बिक्री तथा घरों में पाइप के जरिये प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए अडानी गैस लिमिटेड का आवेदन निरस्त कर दिया है। 

नियामक ने कहा है कि कंपनी का आवेदन एक लाइसेंस के लिए जरूरी नियमन का अनुपालन नहीं करता है। बोर्ड ने 28 फरवरी को दिए अपने आदेश में अडानी का आवेदन निरस्त करने का कारण बताया है।  

बोर्ड ने कहा कि अडाणी गैस न्यूनतम पात्रता की शर्तों पर खरा उतरती है लेकिन उसने निवेश प्रतिबद्धता तथा दोनों शहरों में शहरी गैस वितरण (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार की जरूरतों को पूरा नहीं किया है। 

झारखंड में 14,000 करोड़ रुपए की सेज परियोजना को मिली मंजूरी 

सरकार ने झारखंड में अडानी पावर की 14,000 करोड़ रुपए की विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना में बनने वाली पूरी बिजली बांग्लादेश को निर्यात की जाएगी। वाणिज्य सचिव की अध्यक्षता वाले मंजूरी बोर्ड ने इस परियोजना को स्वीकृति दी है। यह मंजूरी बोर्ड सेज पर फैसला लेने वाला शीर्ष निकाय है। 

अडानी पावर (झारखंड) लिमिटेड ने राज्य के गोड्डा जिले में 425 हेक्टेयर क्षेत्र में बिजली के लिए क्षेत्र विशेष सेज स्थापित करने को मंजूरी देने की मांग की थी। यह परियोजना मोतिया, माली, गायघाट और निकटवर्ती गांवों में लगाई जाएगी। कंपनी को 222.68 हेक्टेयर क्षेत्र में भूमि कब्जे की औपचारिक मंजूरी मिली है। शेष 202.32 हेक्टेयर भूमि के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिलनी बाकी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा