नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज की गई। तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में 17 पैसे, जबकि चेन्नई में 15 पैसे प्रति लीटर की कटौती की है। वहीं, डीजल दिल्ली और कोलकाता में 22 पैसे जबकि मुंबई में 25 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया है। उधर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी बनी हुई है और बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड 40 डॉलर प्रति बैरल के नीचे बना हुआ है।
Related Stories
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम घटकर क्रमश: 81.55 रुपए, 83.06 रुपए, 88.21 रुपए और 84.57 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। डीजल की कीमतें भी चारों महानगरों में घटकर क्रमश: 72.56 रुपए, 76.06 रुपए, 79.05 रुपए और 77.91 रुपए प्रति लीटर हो गई हैं।
अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार इंटर कांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर ब्रेंट क्रूड के नवंबर डिलीवरी अनुबंध में मंगलवार को पिछले सत्र के मुकाबले 0.13 फीसदी की नरमी के साथ 39.56 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। वहीं, न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज (नायमैक्स) पर वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) के अक्टूबर डिलीवरी वायदा अनुबंध में पिछले सत्र के मुकाबले महज 0.03 फीसदी की नरमी के साथ 37.25 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।
पेट्रोल-डीजल के भाव रोजाना बदलते हैं और सुबह 6 बजे अपडेट हो जाते हैं। पेट्रोल-डीजल का रोज़ का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल के कस्टमर RSP के साथ शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और बीपीसीएल उपभोक्ता RSP लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, एचपीसीएल उपभोक्ता HPPrice लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजकर भाव पता कर सकते हैं।