1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Petrol Price @100: दिल्ली में भी पेट्रोल की सेंचुरी, 100.21 रुपये प्रति लीटर पहुंचा भाव

Petrol Price @100: दिल्ली में भी पेट्रोल की सेंचुरी, 100.21 रुपये प्रति लीटर पहुंचा भाव

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 07, 2021 08:12 am IST,  Updated : Jul 07, 2021 08:54 am IST

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच बुधवार 7 जुलाई को दिल्ली भी 100 के क्लब में शामिल हो गया है।

Petrol - India TV Hindi
Petrol  Image Source : PEXELS.COM

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच बुधवार 7 जुलाई को दिल्ली भी 100 के क्लब में शामिल हो गया है। आज पेट्रोल की कीमत में हुई भारी वृद्धि के बीच दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये के पार पहुंच गई। आज दिल्ली में पेट्रोल के दाम 100.21 रुपये प्रति लीटर पहुंच गए। वहीं डीजल की कीमत भी 89.53 पर पहुंच गईं। बुधवार को भी पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। डीजल की कीमत 13 से 18 पैसे बढ़ी है, जबकि पेट्रोल की कीमत 33 से 35 पैसे तक बढ़ी है। 

राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पेट्रोल का भाव 100 रुपये पार हो चुका है। इसके अलावा महानगरों में मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु में पेट्रोल पहले ही 100 रुपये प्रति लीटर के आंकड़े को पार कर चुका है। देश के 730 जिलों में से 332 जिले हैं ऐसे हैं जहां पर पेट्रोल 100 रुपये के पार बिक रहा है। 

बता दें कि सोमवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें 99.86 रुपये पर पहुंच गई थीं। सोमवार को तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतों में 35 पैसे का इजाफा कर दिया था।वहीं मंगलवार को तेल की कीमतों में कोई भी बढ़ोत्तरी नहीं हुई थी। बता दें कि 4 मई के बाद से 37 बार कीमतों में बदलाव हुआ है। इन दिनों में पेट्रोल 9.89 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। इस तरह डीजल में 35 दिन दाम बढ़े हैं और इतने दिनों में ही यह 8.74 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।

देश के अन्य शहर पटना में पेट्रोल 102.40 रुपये और डीजल 94.99 रुपये प्रति लीटर है। लखनऊ में पेट्रोल 97.33 रुपये और डीजल 89.92 रुपये प्रति लीटर है। रांची में पेट्रोल 95.43 और डीजल 94.48 रुपये प्रति लीटर है।

एक साल में 19 रुपये महंगा पेट्रोल 

5 जुलाई, 2020 को दिल्ली में पेट्रोल का रेट 80.43 रुपये था। इस प्रकार आज की कीमत को जोड़ लें तो पेट्रोल के दाम एक साल में 19.78 रुपये तक बढ़ चुके हैं। पिछले महीने जून में पेट्रोल-डीजल के दाम 16 बार बढ़े थे। जून में पेट्रोल 4.32 रुपये तक महंगा हुआ था। वहीं मई में पेट्रोल 4.09 रुपये महंगा हुआ है। जबकि डीजल इस महीने 4.68 रुपये महंगा हुआ है।

एलपीजी के भी बढ़े दाम 

इससे पहले, गुरुवार को घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कीमत में 25.50 रुपये प्रति सिलेंडर (14.2 किलो) की वृद्धि की गई थी। दिल्ली में सब्सिडी और बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 834.50 रुपये है। पिछले दो महीनों में पेट्रोल के दाम में 34 बार वृद्धि की जा चुकी है। इससे देश के कई भागों में ईंधन की कीमत नई ऊंचाई पर पहुंच गई।

आप भी पता कर सकते हैं पेट्रोल डीजल के दाम

इंडियन आयल ने पेट्रोल-डीजल का रेट पता करने की सुविधा दी है। आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल के ग्राहक दिल्ली की कीमत जानने के लिए मैसेज बॉक्स में टाइप करें- RSP 102072 (RSP <space>Dealer Code of Petrol Pump) और इसे 9224992249 नंबर पर भेज दें। इसी तरह, मुबंई के लिए RSP 108412, कोलकाता के लिए RSP 119941 और चेन्नई के लिए RSP 133593 टाइप कर इसे 9224992249 नंबर पर भेज दें। ऐसा करने पर आपके मोबाइल पर ताजा रेट प्राप्त होंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा