नई दिल्ली। लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को पेट्रोल के भाव में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि डीजल के दाम में लगातार चौथे दिन स्थिरता बनी रही। तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम में 6 पैसे प्रति लीटर की कटौती की है। जबकि चारों प्रमुख महानगरों में डीजल के दाम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
Related Stories
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम घटकर क्रमश: 74.89 रुपए, 77.55 रुपए, 80.54 रुपए और 77.86 रुपए प्रति लीटर हो गया है। हालांकि डीजल के दाम में स्थिरता बनी हुई है। चारों महानगरों में डीजल की कीमत पूर्ववत क्रमश: 66.04 रुपए, 68.45 रुपए, 69.27 रुपए और 69.81 रुपए प्रति लीटर पर बनी हुई है।
इधर दिल्ली से सटे नोएडा में पेट्रोल 76.20 रुपए व डीजल 66.35 रुपए प्रति लीटर जबकि गुरुग्राम में पेट्रोल 74.41 रुपए व डीजल 65.35 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। बता दें कि बीते सोमवार यानी 9 दिसंबर 2019 को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत लगभग 1 साल बाद सबसे ज्यादा थी। अपने शहर का रेट पता करने के लिए यहां क्लिक करें।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी
उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में दो दिनों से तेजी का रुख बना हुआ है। अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक करार को लेकर सकारात्मक प्रगति से बाजार में तेजी का माहौल बना है जिससे कच्चे तेल के दाम को सपोर्ट मिल रहा है। इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के फरवरी डिलीवरी अनुबंध में पिछले सत्र से 0.65 फीसदी की तेजी के साथ 64.62 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था, जबकि कारोबार के दौरान कच्चे तेल के दाम में 64.71 डॉलर प्रति बैरल तक की तेजी दर्ज की गई।
वहीं, न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज पर अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट के जनवरी डिलीवरी अनुबंध में 0.52 फीसदी की बढ़त के साथ 59.49 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था, जबकि कारोबार के दौरान डब्ल्यूटीआई का भाव 59.61 डॉलर प्रति बैरल तक उछला। कमोडिटी बाजार विशेषज्ञ बताते हैं कि अमेरिका और चीन के बीच 18 महीने से चल रहे व्यापारिक तकरार का हल निकलने की संभावनाओं से बाजार में तेजी का रुख है जिससे कच्चे तेल की कीमत तकरीबन तीन महीने के ऊंचे स्तर पर चली गई है।
रोज सुबह 6 बजे बदलती हैं कीमतें
पेट्रोल-डीजल के दाम हर दिन घटते-बढ़ते रहते हैं। पेट्रोल-डीजल का नया दाम सुबह 6 बजे से लागू हो जाता है। इनकी कीमत में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन सब कुछ जोड़ने के बादल इसकी कीमत लगभग दोगुनी हो जाती है।
एसएमएस के जरिए पता करें अपने शहर के पेट्रोल-डीजल का रेट
आप घर बैठे पेट्रोल-डीजल का रेट जानना चाहते हैं तो आप 9224992249 नंबर पर एसएमएस भेजकर दाम पता कर सकते हैं। इसके लिए आपको RSP<स्पेस> पेट्रोल पंप डीलर का कोड लिखकर 9224992249 पर भेजना पड़ेगा। मतलब साफ है कि आप अगर दिल्ली में हैं और मैसेज के जरिए पेट्रोल-डीजल का भाव जानना चाहते हैं तो आपको RSP 102072 लिखकर 9224992249 पर भेजना होगा।