1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. घर बैठे आधार को मोबाइल नंबर से जोड़ने कि योजना को UIDAI की मंजूरी, पहली दिसंबर से लागू

घर बैठे आधार को मोबाइल नंबर से जोड़ने कि योजना को UIDAI की मंजूरी, पहली दिसंबर से लागू

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Nov 16, 2017 09:01 am IST,  Updated : Nov 16, 2017 09:01 am IST

मोबाइल कंपनियों ने UIDAI को आश्वासन दिया है कि वे इस महीने के अंत तक ओटीपी आधारित सत्यापन की सुविधा शुरू कर देंगी

घर बैठे आधार को मोबाइल नंबर से जोड़ने कि योजना को UIDAI की मंजूरी, पहली दिसंबर से लागू- India TV Hindi
घर बैठे आधार को मोबाइल नंबर से जोड़ने कि योजना को UIDAI की मंजूरी, पहली दिसंबर से लागू

नई दिल्ली। मोबाइल नंबर को आधार नंबर से जोड़ने के लिए अब आपको अपनी टेलिकॉम कंपनी के ऑफिस जाने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने घर बैठे आधार को मोबाइल नंबर से जोड़ने की योजना को मंजूरी दे दी है और पहली दिसंबर से देशभर में यह योजना लागू हो जाएगी। UIDAI के सीईओ अजय भूषण पांडे ने यह जानकारी दी है।

अजय भूषण पांडे के मुताबिक टेलिकॉम कंपनियां उनके पास घर बैठे आधार को मोबाइल नंबर से जोड़ने की नई योजना को लेकर आईं थी और उनकी योजना को मंजूरी दी जा चुकी है। सरकार ने पिछले महीने ग्राहकों के मोबाइल नंबरों को आधार से जोड़ने के तीन तरीकों की घोषणा की थी। इससे ग्राहकों को अपने घर से सिम के पुन: सत्यापन की सुविधा मिलेगी। इसके बाद आपरेटरों से अपनी रूपरेखा के साथ UIDAI से संपर्क करने को कहा गया था, जिससे वे अनुमति वाली नई प्रक्रियाओं को परिचालन में ला सकें और नई प्रणाली को क्रियान्वित कर सकें। हालांकि, इसके लिए पहले UIDAI की मंजूरी जरूरी थी।

पांडे ने कहा कि इस योजना पर विचार के बाद सुरक्षा, अनुपालन और आधार कानून तथा निजता के संरक्षण के पहलुओं को देखते हुए मंजूरी दी गई है। नए मंजूर तरीकों के तहत मोबाइल नंबर को आधार से OTP (वन टाइम पासवर्ड), एप और IVRS के जरिये जोड़ा जा सकता है। इस उपाय का उद्देश्य समूची प्रक्रिया को सरल करना और लोगों के लिए इसे सुगम बनाना है।

दूरसंचार कंपनी के स्टोर पर जाकर आधार के साथ मोबाइल नंबर को जोड़ने की सुविधा जारी रहेगी। सरकार ने शारीरिक रूप से अक्षम, बीमार लोगों और वरिष्ठ नागरिकों को यह सुविधा उनके घर के दरवाजे पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मोबाइल कंपनियों ने UIDAI को आश्वासन दिया है कि वे इस महीने के अंत तक ओटीपी आधारित सत्यापन की सुविधा शुरू कर देंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा