1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कोविड-19 से मुकाबले के लिए 100 देशों को 160 अरब डॉलर की सहायता: विश्वबैंक

कोविड-19 से मुकाबले के लिए 100 देशों को 160 अरब डॉलर की सहायता: विश्वबैंक

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 20, 2020 12:56 pm IST,  Updated : May 20, 2020 12:56 pm IST

सहायता पाने वाले इन 100 देशों में दुनिया की 70 फीसदी आबादी

World Bank- India TV Hindi
World Bank Image Source : PTI

नई दिल्ली। विश्वबैंक ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनिया भर में 6 करोड़ से अधिक लोग निपट गरीबी के दलदल में फंसेंगे। बैंक ने इस संकट से उबरने के अभियान के तहत 100 विकासशील देशों को 160 अरब डॉलर की सहायता देने की घोषणा की है। यह पूरी सहायता पंद्रह महीने की अवधि में दी जाएगी। विश्वबैंक के अध्यक्ष डेविड मालपॉस ने एक कांफ्रेन्स कॉल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस महामारी और विकसित अर्थव्यवस्थाओं के बंद होने से 6 करोड़ से अधिक लोग गरीबी की दलदल में फंस जाएंगे। हाल के दिनों में गरीबी उन्मूलन की दिशा में हमने जो प्रगति की है, उसमें से बहुत कुछ खत्म हो जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘विश्वबैंक समूह ने तेजी से कदम उठाया है और 100 देशों में आपात सहायता अभियान शुरू किया है। इसमें अन्य दानदाताओं को कार्यक्रम के तेजी से आगे बढ़ाने की अनुमति होती है।’’ उन्होंने कहा कि 160 अरब डालर की राशि 15 माह में दी जाएगी। वश्वबैंक से सहायता पा रहे इन 100 देशों में दुनिया की 70 प्रतिशत आबादी रहती है। इनमें से 39 अफ्रीका के उप-सहारा क्षेत्र के हैं। कुल परियोजनाओं में एक तिहाई अफगानिस्तान, चाड, हैती और नाइजर जैसे नाजुक और चरमपंथ प्रभावित क्षेत्रों में हैं। मालपॉस ने कहा, ‘‘वृद्धि के रास्ते पर लौटने के लिये हमारा लक्ष्य स्वास्थ्य आपात से निपटने को लेकर तीव्र और लचीला रुख होना चाहिए। साथ ही गरीबों की मदद के लिये नकद और अन्य सहायता, निजी क्षेत्र को बनाये रखना तथा अर्थव्यवस्था की मजबूती और पुनरूद्धार को मजबूत बनाना होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को देशों के हिसाब से तैयार किया है ताकि वे स्वास्थ्य, आर्थिक सामाजिक झटकों से प्रभावी तरीके से निपट सके जिसका वे सामना कर रहे हैं। मालपॉस ने कहा कि इस कार्यक्रम से स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी और जीवन रक्षक चिकित्सा उपकरणों की खरीद में मदद मिलेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा