1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Air India Express ने शुरू की नवी मुंबई-अबू धाबी फ्लाइट्स की बुकिंग, इस तारीख को उड़ान भरेगी पहली फ्लाइट

Air India Express ने शुरू की नवी मुंबई-अबू धाबी फ्लाइट्स की बुकिंग, इस तारीख को उड़ान भरेगी पहली फ्लाइट

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 21, 2026 03:43 pm IST,  Updated : Jun 21, 2026 03:43 pm IST

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि 15 जुलाई से शुरू होने वाली इस नई सर्विस के तहत शुरुआत में हफ्ते में दो फ्लाइट्स शामिल होंगी और 29 जुलाई से इनकी संख्या बढ़ाकर तीन कर दी जाएगी।

Air India Express, Navi Mumbai International Airport, Navi Mumbai-Abu Dhabi flights, abu dhabi-navi - India TV Hindi
नवी मुंबई से अबू धाबी के लिए शुरू हुई फ्लाइट्स की बुकिंग Image Source : AIR INDIA EXPRESS

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अबू धाबी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच डायरेक्ट फ्लाइट के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। एयरलाइन कंपनी ने रविवार को इसकी घोषणा की। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि यात्री कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अन्य प्रमुख बुकिंग प्लेटफॉर्म्स से नवी मुंबई और अबू धाबी के बीच यात्रा के लिए टिकट बुक कर सकते हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि नवी मुंबई और अबू धाबी के बीच अगले महीने 15 जुलाई से डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होगी। 

नवी मुंबई से इंटरनेशनल फ्लाइट्स ऑपरेट करने वाली पहली एयरलाइन कंपनी बनेगी एयर इंडिया एक्सप्रेस

इस नई फ्लाइट सर्विस के शुरू होने से एयर इंडिया एक्सप्रेस महाराष्ट्र के नए नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट्स ऑपरेट करने वाली पहली एयरलाइन कंपनी बन जाएगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में कहा कि नई फ्लाइट सर्विस मुंबई महानगर क्षेत्र के यात्रियों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए दूसरा एयर कनेक्टिविटी रूट उपलब्ध कराएगी, जिससे यात्रा की सुविधा, पहुंच और विकल्पों के बेहतर होने की उम्मीद है। 

शुरुआत में हर हफ्ते 2 फ्लाइट्स ऑपरेट करेगी एयरलाइन कंपनी

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि 15 जुलाई से शुरू होने वाली इस नई सर्विस के तहत शुरुआत में हफ्ते में दो फ्लाइट्स शामिल होंगी और 29 जुलाई से इनकी संख्या बढ़ाकर तीन कर दी जाएगी। इस नई सर्विस के जुड़ने के बाद नवी मुंबई से एयर इंडिया की कुल 30 वीकली फ्लाइट्स ऑपरेट होंगी, जो अबू धाबी, बेंगलुरू और दिल्ली को डायरेक्ट जोड़ेंगी। एयरलाइन कंपनी ने कहा कि महाराष्ट्र में उसके ऑपरेशन्स लगातार बढ़ रहे हैं। वर्तमान में वो मुंबई से 95 से ज्यादा वीकली फ्लाइट्स, पुणे से 100 से ज्यादा वीकली फ्लाइट्स और नागपुर से 14 वीकली फ्लाइट्स ऑपरेट कर रही है।

15 जुलाई से ही शुरू होगी कार्गो सर्विस

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIAL) के सीईओ बी.वी.जे.के. शर्मा ने 17 जून को बताया था कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से 15 जुलाई से इंटरनेशनल फ्लाइट सर्विस शुरू होने की उम्मीद है। सीईओ ने कहा था कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो इंटरनेशनल फ्लाइट्स ऑपरेट करेंगी। इसके साथ ही, उन्होंने ये भी बताया था कि 15 जुलाई से ही कार्गो प्लेन्स का भी ऑपरेशन शुरू हो जाएगा। बताते चलें कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पिछले साल 25 दिसंबर को कमर्शियल फ्लाइट्स ऑपरेशन की शुरुआत हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अक्टूबर, 2025 को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था।

ये भी पढ़ें-

भारत ने रूस से बढ़ाई क्रूड ऑयल की खरीद, अमेरिकी तेल के आयात में भारी गिरावट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा