1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. महंगा कच्चा तेल लगा रहा है भारत की तिजोरी में सेंध, विदेशी मुद्रा भंडार में आई 5 अरब डॉलर की गिरावट

महंगा कच्चा तेल लगा रहा है भारत की तिजोरी में सेंध, विदेशी मुद्रा भंडार में आई 5 अरब डॉलर की गिरावट

 Written By: Indiatv Paisa Desk
 Published : Jul 09, 2022 02:33 pm IST,  Updated : Jul 09, 2022 02:33 pm IST

RBI के आंकड़ों के अनुसार 24 जून को समाप्त पिछले सप्ताह के दौरान, विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) 2.734 अरब डॉलर बढ़कर 593.323 अरब डॉलर हो गया था।

Forex reserves - India TV Hindi
Forex reserves Image Source : FILE

महंगे कच्चे तेल के आयात से देश की विदेशी मुद्रा (Forex) की ताकत घट रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) एक जुलाई को समाप्त सप्ताह में 5.008 अरब डॉलर घटकर 588.314 अरब डॉलर रह गया। 

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के अनुसार 24 जून को समाप्त पिछले सप्ताह के दौरान, विदेशी मुद्रा भंडार 2.734 अरब डॉलर बढ़कर 593.323 अरब डॉलर हो गया था। एक जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार आई गिरावट का कारण विदेशी मुद्रा का घटना है जो कुल मुद्रा भंडार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके अलावा स्वर्ण आरक्षित भंडार घटने से भी विदेशीमुद्रा भंडार कम हुआ है। 

आंकड़ों के अनुसार सप्ताह में विदेशी मुद्रा  संपत्तियां (FCA) 4.471 अरब डॉलर घटकर 524.745 अरब डॉलर रह गयी। डॉलर में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में मूल्यवृद्धि अथवा मूल्यह्रास के प्रभावों को शामिल किया जाता है। 

आंकड़ों के अनुसार, सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य भी 50.4 करोड़ डॉलर घटकर 40.422 अरब डॉलर रह गया। बीते सप्ताह में, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास जमा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 7.7 करोड़ डॉलर घटकर 18.133 अरब डॉलर रह गया। आईएमएफ में रखे देश का मुद्रा भंडार भी 4.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.014 अरब डॉलर हो गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा