1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. LNG भंडारण बढ़ाने की तैयारी में भारत, देश के अलग-अलग हिस्सों में 7 नए टैंक बनाने का प्रस्ताव

LNG भंडारण बढ़ाने की तैयारी में भारत, देश के अलग-अलग हिस्सों में 7 नए टैंक बनाने का प्रस्ताव

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : May 05, 2026 07:03 am IST,  Updated : May 05, 2026 07:03 am IST

पेट्रोनेट कई टर्मिनलों पर नए एलएनजी भंडारण टैंक बनाकर अपनी भंडारण क्षमता बढ़ाने की योजना बना रहा है।

lng, liquid natural gas, natural gas, strait of hormuz, iran, qatar, petronet, petronet lng- India TV Hindi
कुल 7 नए टैंक बनाने का प्रस्ताव Image Source : PETRONET LNG

पश्चिम एशिया संघर्ष और बढ़ते जोखिमों के बीच भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने के लिए LNG (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) के भंडारण के लिए नए टैंक बनाने की तैयारी में है। पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के एक सीनियर अधिकारी ने सोमवार को ये जानकारी दी। भारत अपनी प्राकृतिक गैस जरूरतों का करीब 50 प्रतिशत आयात करता है, जिसका इस्तेमाल बिजली उत्पादन, खाद, सीएनजी और रसोई गैस (PNG) के तौर पर होता है। ये गैस तरलीकृत रूप में कतर और अमेरिका जैसे देशों से जहाजों के जरिए लाई जाती है। 

कुल 7 नए टैंक बनाने का प्रस्ताव

देश में प्राकृतिक गैस की मुख्य आयातक कंपनी पेट्रोनेट एलएनजी के सीईओ ए. के. सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बाद कतर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है, जो कुल आयात का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति ने वैकल्पिक स्रोतों की तलाश की जरूरत बताई है। ऐसे समय में पेट्रोनेट कई टर्मिनलों पर नए एलएनजी भंडारण टैंक बनाकर अपनी भंडारण क्षमता बढ़ाने की योजना बना रहा है। ए. के. सिंह ने बताया कि कंपनी ओडिशा के गोपालपुर में 2, केरल के कोच्चि में 1 और गुजरात के दहेज में अतिरिक्त भंडारण टैंक स्थापित करने की योजना बना रही है। इन परियोजनाओं को पूरा होने में करीब 3 साल लगेंगे। कुल मिलाकर 7 नए टैंक प्रस्तावित हैं। 

पेट्रोनेट ने 2025-26 में किया 2.65 करोड़ टन एलएनजी का प्रबंधन

सिंह ने कहा कि अतिरिक्त भंडारण क्षमता से सप्लाई बाधित होने की स्थिति में भी गैस की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, "हमारे पास परिचालन के लिहाज से पर्याप्त भंडारण है लेकिन ये युद्ध जैसी आपात स्थितियों के लिए काफी नहीं है।" पेट्रोनेट के पास देश के 23 एलएनजी टैंकों में से 10 टैंक हैं, जिनके जरिए 2025-26 में 2.65 करोड़ टन एलएनजी का प्रबंधन किया गया। इसमें दहेज टर्मिनल पर 8 और कोच्चि में 2 टैंक शामिल हैं। कतर के रास लाफान प्लांट से एलएनजी की सप्लाई 2 मार्च से ही बाधित है और मार्च-अप्रैल में कोई भी खेप नहीं आई। मई में भी आपूर्ति प्रभावित रहने की आशंका है, जबकि जून को लेकर स्थिति अनिश्चित है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा