महाराष्ट्र सरकार ने 'मेट्रो 12' रूट के एक्सटेंशन को मंजूरी दे दी है। इस एक्सटेंशन के तहत, मुंबई मेट्रो का कल्याण से लेकर तलोजा तक विस्तार किया जाएगा। महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने 8414.53 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इस प्रोजेक्ट के जरिए 'मेट्रो 12A' भी दहिसर मोरी से कल्याण शिलफाटा के रास्ते तलोजा तक पहुंच जाएगा। इस नए प्रोजेक्ट का फायदा सिर्फ शहरी इलाकों को ही नहीं बल्कि कुछ ग्रामीण इलाकों को भी मिलेगा। मेट्रो 12 रूट दो हिस्सों से होकर गुजरेगा। ये नया प्रोजेक्ट खुटारी में मेट्रो 12 और मेट्रो 12A को आपस में जोड़ देगा।
मेट्रो 12 रूट के एक्सटेंशन के तहत कहां-कहां बनाए जाएंगे स्टेशन
एनबीटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 'मेट्रो 12' रूट के एक्सटेंशन प्लान के तहत, डोंबिवली, मानपाड़ा, कटाई नाका, ग्रोथ सेंटर, देसाई नाका, पाडले गांव, कल्याण फाटा, गोठेघर, दहिसर मोरी, दहिसरगांव, किरावली गांव, रोहिंजन और खुटारी गांव में स्टेशन बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात ये होगी कि ये मेट्रो लाइन, ग्रामीण इलाकों से होकर गुजरने वाली पहली मेट्रो होगी। इतना ही नहीं, इस लाइन को भविष्य में मेट्रो 14 के साथ भी जोड़ने का विकल्प रहेगा, जिससे ये नवी मुंबई, कांजुरमार्ग से मुंबई तक डायरेक्ट कनेक्ट हो जाएगा।
सांसद श्रीकांत शिंदे ने MMRDA द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण
एकनाथ शिंदे के बेटे और कल्याण लोकसभा क्षेत्र से शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने बताया कि इस एक्सटेंशन प्लान को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही उन्होंने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) द्वारा शहर में किए जा रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। कल्याण-डोंबिवली में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। इनमें से कई प्रोजेक्ट्स का काम पूरा भी हो चुका है। सांसद ने बाकी बचे प्रोजेक्ट्स की स्पीड बढ़ाने और प्रोजेक्ट्स की जमीन पर कब्जों को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए हैं।



































