1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 12 लाख से ज्यादा परिवारों ने बिजली बेचकर कमाए ₹421 करोड़, पीएम सूर्य घर योजना से 19 लाख परिवारों के बिजली बिल हुए जीरो

12 लाख से ज्यादा परिवारों ने बिजली बेचकर कमाए ₹421 करोड़, पीएम सूर्य घर योजना से 19 लाख परिवारों के बिजली बिल हुए जीरो

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 04, 2026 05:41 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 05:41 pm IST

मंत्रालय ने बताया कि जुलाई, 2026 में 5.06 लाख घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है।

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana, PM Surya Ghar Yojana, Solar plant, rooftop solar plant- India TV Hindi
सोलर प्लांट Image Source : FREEPIK

पीएम सूर्य घर योजना के तहत वित्त वर्ष 2024-25 में 12 लाख से ज्यादा परिवारों ने बिजली बेचकर ₹421 करोड़ की कमाई की। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने मंगलवार को ये जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि इन परिवारों ने 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के तहत खपत से ज्यादा पैदा हुई बिजली को बेचकर ये कमाई की है, जो प्रति परिवार औसतन करीब 3,500 रुपये की सालाना आय के बराबर है। 

19 लाख परिवारों के बिजली बिल हुए जीरो

मंत्रालय ने बताया कि जुलाई, 2026 में 5.06 लाख घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है। मंत्रालय ने कहा कि योजना के लाभार्थियों को अब तक 28,024 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जारी की जा चुकी है। इसका परिणाम ये हुआ है कि करीब 19 लाख परिवारों के बिजली बिल जीरो हो गए हैं। 

देशभर में 50.06 लाख से ज्यादा घरों में लगाए जा चुके हैं रूफटॉप सोलर प्लांट

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक इस योजना के तहत देशभर में 50.06 लाख से ज्यादा घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं। मंत्रालय ने बयान में कहा कि योजना की शुरुआत के 2 साल से कुछ ज्यादा समय में ये उपलब्धि हासिल की गई है, जबकि इससे पहले 10 साल में 7.94 लाख रूफटॉप सोलर प्लांट ही स्थापित किए गए थे। 

9 महीनों में सोलर प्लांट को लगाने की स्पीड 3.2 गुना बढ़ी

मंत्रालय ने कहा कि 75,021 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना के तहत रूफटॉप सोलर कैपेसिटी के विस्तार में तेजी आई है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 9 महीनों में इन सोलर प्लांट को लगाने की स्पीड 3.2 गुना बढ़ी है। इतना ही नहीं, अक्टूबर 2025 में जहां रोजाना लगभग 5,038 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा रहे थे, वो जुलाई 2026 में बढ़कर 16,328 हो गए।

केंद्र और राज्यों द्वारा चिह्नित 1.06 लाख सरकारी बिल्डिंगों में भी लगाए गए सोलर प्लांट

इसके अलावा 34,219 पंजीकृत विक्रेताओं का नेटवर्क विकसित हुआ है, जिनमें से 29,469 सक्रिय हैं और 2.32 लाख से ज्यादा लोगों को ट्रेनिंग दी गई है। सरकारी बिल्डिंगों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने की पहल के तहत केंद्र और राज्यों द्वारा चिह्नित 1.06 लाख बिल्डिंगों में प्लांट लगाए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें

LIC OFS को पहले दिन मिला 331.86% सब्सक्रिप्शन, 7.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए शेयर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा