1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. RBI गवर्नर ने कहा- भरोसेमंद AI विकसित करने की जरूरत, वित्तीय सेवाओं में क्रांति ला रही यह तकनीक

RBI गवर्नर ने कहा- भरोसेमंद AI विकसित करने की जरूरत, वित्तीय सेवाओं में क्रांति ला रही यह तकनीक

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Aug 28, 2024 10:08 pm IST,  Updated : Aug 28, 2024 10:08 pm IST

शक्तिकान्त दास ने कहा कि केंद्रीय बैंक वित्तीय-प्रौद्योगिकी (फिनटेक) क्षेत्र के लिए कम-से-कम दो उद्योग निकायों को स्व-नियामकीय संगठन (एसआरओ) के तौर पर संचालन की मंजूरी देगा।

भारतीय रिजर्व बैंक- India TV Hindi
भारतीय रिजर्व बैंक Image Source : FILE

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकान्त दास ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय बैंकों, सरकारों के साथ-साथ वित्तीय क्षेत्र के लोगों को डेटा गोपनीयता चिंता और अन्य तत्वों को ध्यान में रखते हुए ‘भरोसेमंद एआई’ के विकास की सुविधा प्रदान करनी चाहिए। दास ने ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ को संबोधित करते हुए कहा कि अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का एकीकरण निश्चित रूप से हमारे जीवन के विभिन्न पहलुओं में परिवर्तनकारी प्रगति लाता है। उन्होंने कहा, “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग (एआई/एमएल) अभूतपूर्व तरीके से वित्तीय सेवाओं में क्रांति लाने के लिए तैयार हैं। धोखाधड़ी का पता लगाने के लिए एआई एल्गोरिदम पहले से ही तैनात किए जा रहे हैं। मशीन लर्निंग मॉडल का इस्तेमाल क्रेडिट स्कोर में तेजी से किया जा रहा है। कर्ज लेने की पात्रता का आकलन करने और ऋण तक पहुंच का विस्तार करने के लिए पूर्वानुमानित विश्लेषण का लाभ उठाया जा रहा है।”

AI से पैदा हुए जोखिमों को भी समझें

दास ने कहा कि जैसे-जैसे एआई और एमएल क्षमताएं विकसित होती जा रही हैं, विनियामक अनुपालन, निवेश सलाहकार सेवाओं और एल्गोरिद्म ट्रेडिंग में उनके संभावित अनुप्रयोगों से वित्तीय परिदृश्य को और अधिक पुनर्परिभाषित करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इसी तरह, “हमें एआई से उत्पन्न जोखिमों को भी पूरी तरह से समझना चाहिए और इसे संतुलित और जिम्मेदारी से अपनाने की सुविधा प्रदान करनी चाहिए। वित्तीय क्षेत्र के लोगों, केंद्रीय बैंकों और सरकारों को डेटा गोपनीयता, व्याख्या, जवाबदेही और पारदर्शिता से जुड़ी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए भरोसेमंद एआई के विकास की सुविधा प्रदान करनी चाहिए।”

दो-तीन एसआरओ होंगे पर्याप्त

शक्तिकान्त दास ने कहा कि केंद्रीय बैंक वित्तीय-प्रौद्योगिकी (फिनटेक) क्षेत्र के लिए कम-से-कम दो उद्योग निकायों को स्व-नियामकीय संगठन (एसआरओ) के तौर पर संचालन की मंजूरी देगा। दास ने कहा कि रिजर्व बैंक ने एसआरओ के तौर पर काम करने के लिए फिनटेक एसोसिएशन फॉर कंज्यूमर एम्पावरमेंट (फेस) को मंजूरी दे दी है क्योंकि यह सभी जरूरतों को पूरा करता है। उन्होंने कहा कि एसआरओ के लिए आवेदन करने वाले दो अन्य संगठनों पर भी विचार किया जा रहा है। दास ने ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2024’ में शामिल होने के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘तीन आवेदन आए हैं। हम कई के बारे में गौर कर रहे हैं। मुझे लगता है कि इस समय शायद दो-तीन एसआरओ पर्याप्त होने चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि तीनों निकायों ने अलग-अलग समय पर एसआरओ लाइसेंस के लिए आवेदन किया था और केंद्रीय बैंक सभी आवेदनों पर विचार कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

rbi