1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market Highlights: बाजार का जोश लगातार हाई, सेंसेक्स 283 अंक उछलकर बंद, निफ्टी 25,800 के पार

Stock Market Highlights: बाजार का जोश लगातार हाई, सेंसेक्स 283 अंक उछलकर बंद, निफ्टी 25,800 के पार

 Published : Feb 18, 2026 04:16 pm IST,  Updated : Feb 18, 2026 04:41 pm IST

घरेलू शेयर बाजार में आज के कारोबार में निफ्टी में सबसे ज्यादा बढ़त वाले शेयरों में टाटा स्टील, एचडीएफसी लाइफ, आईटीसी, टाटा कंज्यूमर और एक्सिस बैंक शुमार रहे। सेक्टोरल मोर्चे पर आईटी सूचकांक पिछड़ गया।

आईटी सूचकांक में 1.3 प्रतिशत की गिरावट रही। - India TV Hindi
आईटी सूचकांक में 1.3 प्रतिशत की गिरावट रही। Image Source : INDIA TV

घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को भी तेजी का रुझान जारी रहा। कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स 283.29 पॉइंट्स या 0.34% बढ़कर 83,734.25 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 93.95 पॉइंट्स या 0.37% बढ़कर 25,819.35 पर बंद हुआ। कारोबारी सत्र के आखिर में मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में 0.4% की बढ़त, आईटी को छोड़ सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। बुधवार के कारोबार में निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक में 0.4-0.4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

आईटी इंडेक्स को छोड़ बाकी सभी सेक्टर बढ़त के साथ बंद

सेक्टोरल मोर्चे पर आईटी सूचकांक को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर बढ़त के साथ बंद हुए। आईटी सूचकांक में 1.3 प्रतिशत की गिरावट रही। वहीं मेटल, एफएमसीजी और पीएसयू बैंक सूचकांक में करीब 1-1 प्रतिशत की मजबूती देखने को मिली। निफ्टी में प्रमुख बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में टाटा स्टील, एचडीएफसी लाइफ, आईटीसी, टाटा कंज्यूमर और एक्सिस बैंक शामिल रहे। वहीं गिरावट वाले शेयरों में ओएनजीसी, इटरनल, विप्रो, टेक महिंद्रा और अदानी एंटरप्राइजेज शामिल रहे।

एक्सपर्ट की राय में बाजार

विनोद नायर, रिसर्च हेड, जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड ने कहा कि भारतीय बाजारों में सतर्क शुरुआत के बाद व्यापक खरीदारी के चलते आखिरी चरण में जोरदार तेजी देखने को मिली। सकारात्मक घरेलू सेक्टोरल संकेतों ने वैश्विक अनिश्चितताओं के असर को काफी हद तक संतुलित किया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग और वित्तीय शेयर स्थिर एसेट क्वालिटी की उम्मीदों के दम पर मजबूती बनाए रहे। वहीं एफएमसीजी शेयरों में चुनिंदा खरीदारी के कारण इस सेक्टर का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा।

रुपया 5 पैसे की बढ़त के साथ बंद

बुधवार को विदेशी फंडों के प्रवाह और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के चलते रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 5 पैसे की बढ़त के साथ 90.67 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। हालांकि, वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और डॉलर की मजबूती ने स्थानीय मुद्रा की तेज बढ़त पर अंकुश लगाया, ऐसा विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 90.60 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 90.60 से 90.71 के संकीर्ण दायरे में रहा और अंततः 90.67 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो इसके पिछले बंद स्तर से 5 पैसे अधिक है। मंगलवार को रुपया 2 पैसे की बढ़त के साथ 90.72 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा