1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोने और चांदी के दाम में भारी गिरावट, प्रति 10 ग्राम Gold का ये रहा भाव, क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

सोने और चांदी के दाम में भारी गिरावट, प्रति 10 ग्राम Gold का ये रहा भाव, क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

 Published : Feb 17, 2026 08:33 pm IST,  Updated : Feb 17, 2026 08:33 pm IST

विशेषज्ञों के अनुसार, एशियाई बाजारों में छुट्टियों, अमेरिकी मुद्रास्फीति के नरम आंकड़ों और फेडरल रिजर्व द्वारा संभावित ब्याज दर कटौती की उम्मीदों के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना।

वैश्विक बाजार में स्पॉट चांदी की कीमत 74.96 डॉलर प्रति औंस दर्ज  किया गया।- India TV Hindi
वैश्विक बाजार में स्पॉट चांदी की कीमत 74.96 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया। Image Source : FREEPIK

देश की राजधानी में मंगलवार को कीमती धातुओं के दाम में करीब 2% की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान चांदी ₹2.45 लाख प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि सोना ₹1.57 लाख प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। गिरावट की वजह कमजोर वैश्विक संकेत और घरेलू बाजार में सुस्त मांग बताई जा रही है। चांदी ₹5,000 या 2% की कमी के साथ ₹2,45,000 प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित), पर आ गई। बीते सोमवार को भाव ₹2,50,000 के लेवल पर था। इसी तरह, सोना (99.9% शुद्धता) का भाव ₹2,200 या 1.4% की गिरावट के साथ ₹1,57,000 प्रति 10 ग्राम पर फिसल गया, जबकि पिछली सत्र में यह ₹1,59,200 प्रति 10 ग्राम था।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

कावेरी मोरे, कमोडिटी एनालिस्ट, चॉइस ब्रोकिंग का कहना है कि एशियाई बाजारों की छुट्टियों और अमेरिकी मुद्रास्फीति के धीमे आंकड़ों के चलते सोना और चांदी के दाम दबाव में रहे। इससे निवेशकों में फेडरल रिजर्व द्वारा भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ी हैं। प्रवीन सिंह, हेड ऑफ कमोडिटीज, मिराय एसेट शेयरखान, कहते हैं कि सोने की कीमतें लगातार दूसरे दिन गिर गईं, क्योंकि निवेशक स्विस-इरान वार्ता से पहले सतर्क नजर आए।

सौमिल गांधी, सीनियर एनालिस्ट, एचडीएफसी सिक्योरिटीज का कहना हैकि 5,000 अमेरिकी डॉलर के स्तर के ऊपर सोने की कमजोर पकड़ ने बिकवाली का दबाव बढ़ाया। चीन में लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण बड़े खरीदार अनुपस्थित रहे, जिससे बाजार पर नीचे दबाव पड़ा।

वैश्विक बाजार में कैसा रहा रुझान?

वैश्विक बाजार में स्पॉट चांदी की कीमत 74.96 डॉलर प्रति औंस दर्ज  किया गया, जो बीते सत्र के मुकाबले 2.15% कमजोर है। इसी तरह, स्पॉट सोना 4,938.70 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया, यानी बीते सत्र के मुकाबवे 1.04% की कमी दर्ज की गई। विश्लेषकों का कहना है कि आने वाले दिनों में US ADP रोजगार रिपोर्ट और रूस-यूक्रेन वार्ता जैसी भू-राजनीतिक घटनाओं से निवेशकों की धारणा और सुरक्षित संपत्तियों की मांग पर असर पड़ सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा