1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. हवाई यात्रियों की संख्या में जोरदार उछाल, मई में इतने लाख लोगों ने किया सफर

हवाई यात्रियों की संख्या में जोरदार उछाल, मई में इतने लाख लोगों ने किया सफर

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jun 15, 2023 08:35 pm IST,  Updated : Jun 15, 2023 08:35 pm IST

किफायती एयरलाइन इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी मई, 2022 के 57.5 प्रतिशत से बढ़कर पिछले महीने 61.4 प्रतिशत हो गई।

हवाई यात्रियों की संख्या- India TV Hindi
हवाई यात्रियों की संख्या Image Source : FILE

देश में हवाई यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते भारत में घरेलू उड़ानों में मई महीने में 132.67 लाख लोगों ने यात्रा की, जो पिछले वर्ष समान महीने की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है। डीजीसीए ने गुरुवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा कि देश में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या एक साल पहले मई, 2022 में 114.67 लाख रही थी। 

इंडिगो एयरलाइन की बाजार हिस्सेदारी बढ़ी 

किफायती एयरलाइन इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी मई, 2022 के 57.5 प्रतिशत से बढ़कर पिछले महीने 61.4 प्रतिशत हो गई। इंडिगो की उड़ानों से मई, 2023 में 81.10 लाख यात्रियों ने यात्रा की। पिछले महीने विमानन कंपनी गो फर्स्ट के लिए दिवाला कार्यवाही भी शुरू हुई थी। गो फर्स्ट की उड़ान सेवाएं तीन मई से बंद हैं। 

टाटा समूह की कंपनियों की बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी

टाटा समूह की तीनों एयरलाइन- एयर इंडिया, एयरएशिया इंडिया और विस्तार की बाजार हिस्सेदारी भी सालाना आधार पर क्रमश: 9.4 प्रतिशत, 7.9 प्रतिशत और नौ प्रतिशत हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, जहां एयर इंडिया से मई में कुल 12.44 लाख लोगों ने यात्रा की, वहीं विस्तार से 11.95 लाख लोगों ने यात्रा की। एयर एशिया से 10.41 लाख लोगों ने यात्रा की। टाटा समूह की तीनों विमानन कंपनियों से मई में कुल 34.8 लाख लोगों ने यात्रा की जो कुल घरेलू हवाई यात्रियों का 26.3 प्रतिशत है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा