1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दीपावली के मौके पर इन चीजों की सबसे ज्यादा मांग, जीएसटी में कटौती से महंगे गिफ्ट्स की बिक्री 20% तक बढ़ी

दीपावली के मौके पर इन चीजों की सबसे ज्यादा मांग, जीएसटी में कटौती से महंगे गिफ्ट्स की बिक्री 20% तक बढ़ी

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 19, 2025 08:57 am IST,  Updated : Oct 19, 2025 08:57 am IST

त्योहारों के दौरान मिठाइयों और सूखे मेवों की मांग हमेशा बनी रहती है। खोया मिठाई में पारंपरिक मिठाइयां त्योहारों के उपहार पैकेज में सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं।

diwali, diwali shopping, diwali gifts, best diwali gifts- India TV Hindi
मिठाइयों के विकल्प के रूप में उभर रहे हैं चॉकलेट Image Source : ZOMATO

दीपावली का पर्व नजदीक आते ही उपहारों की खरीदारी में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। इस बार लोग पारंपरिक मिठाइयों और सूखे मेवों के साथ-साथ सजावटी चीजें, पूजा सामग्री, तकनीकी उपकरण और हेल्थ से जुड़े उत्पादों को भी गिफ्ट के लिए पसंद कर रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी दीपावली की भीड़ अपने चरम पर है। लोग आखिरी वक्त में सही गिफ्ट खोजने की दौड़ में लगे हैं। गुलशन समूह की निदेशक युक्ति नागपाल ने बताया कि नोएडा स्थित उनके मॉल में इस बार लगभग 25-30 प्रतिशत अधिक लोग आ रहे हैं। 

महंगी गिफ्ट्स की बिक्री में 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी

युक्ति नागपाल ने कहा, ‘‘जीएसटी में कटौती से महंगे गिफ्ट्स की बिक्री में 15-20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।’’ त्योहारों के दौरान मिठाइयों और सूखे मेवों की मांग हमेशा बनी रहती है। खोया मिठाई में पारंपरिक मिठाइयां त्योहारों के उपहार पैकेज में सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं। लगभग 60 से 70 प्रतिशत उपभोक्ता मिठाई और सूखे मेवे लेना पसंद करते हैं। वहीं, ऑनलाइन बेकरी ब्रांड बेकिंगो ने देखा है कि अब लोग व्यक्तिगत रूप से बनाए गए गिफ्ट पैकेज और ऐसी मिठाइयों की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं, जिनमें भारतीय और विदेशी स्वाद का मिश्रण हो। बेकिंगो को इस साल, पिछले साल की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत ज्यादा बिक्री की उम्मीद है।

मिठाइयों के विकल्प के रूप में उभर रहे हैं चॉकलेट 

इसी बीच, मनम चॉकलेट के उच्च गुणवत्ता वाले शिल्प चॉकलेट पारंपरिक मिठाइयों के विकल्प के रूप में उभर रहे हैं। ये उन उपभोक्ताओं को आकर्षित कर रहे हैं जो खास और बेहतरीन उपहार विकल्प तलाश रहे हैं। मनम चॉकलेट के संस्थापक चैतन्य मुप्पाला ने कहा, ‘‘हमारे भारतीय स्वाद वाले चॉकलेट लोगों को बहुत पसंद आ रहे हैं। इस दीपावली, पुराने और नए दोनों तरह के ग्राहकों ने चॉकलेट की रिकॉर्ड मांग की है। अब लोग इसे त्योहारों पर देने के लिए एक आधुनिक और उपयुक्त विकल्प मानने लगे हैं।’’ 

हेल्थ गैजेट्स की मांग में भी बढ़ोतरी  

इस दीपावली पर हेल्थ से जुड़े गिफ्ट्स भी काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। सूखे मेवे के बॉक्स, हल्दी वाली चाय, मसालों की किट के साथ-साथ फिटनेस से जुड़े सब्सक्रिप्शन, कोचिंग प्लान और हेल्थ गैजेट्स की मांग में भी बढ़ोतरी हो रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनी शार्प इंडिया ने बताया कि कार एयर प्यूरीफायर जैसे स्वास्थ्य-केंद्रित छोटे उत्पादों की मांग में 131 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। फिटनेस ऐप फिट्टर भी कोचिंग सब्सक्रिप्शन, स्मार्ट रिंग्स और फिटनेस प्लान की लोकप्रियता में वृद्धि देख रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा