1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Pizza Hut को 2.7 अरब डॉलर में बेचेगा Yum! Brands, 155 देशों में 63,000 से ज्यादा रेस्टॉरेंट चलाती है कंपनी

Pizza Hut को 2.7 अरब डॉलर में बेचेगा Yum! Brands, 155 देशों में 63,000 से ज्यादा रेस्टॉरेंट चलाती है कंपनी

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 16, 2026 11:39 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 11:39 pm IST

ये डील नवंबर 2025 में शुरू हुई रणनीतिक समीक्षा के बाद की गई हैं। इनके नियामकीय मंजूरी सहित अन्य शर्तों के अधीन 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरे होने की उम्मीद है।

pizza hut, yum brands, taco bell, kfc, dominos- India TV Hindi
पिज्जा हट Image Source : AFP

दुनियाभर में अपने लजीज पिज्जा के लिए मशहूर पिज्जा हट बिकने जा रही है। पिज्जा हट चलाने वाली ग्लोबल क्विक-सर्विस रेस्टॉरेंट ऑपरेटिंग कंपनी 'Yum! Brands' ने मंगलवार को रणनीतिक पुनर्गठन के तहत 2.7 अरब डॉलर के उद्यम मूल्य पर बेचने के लिए दो अलग-अलग समझौतों की घोषणा की। केएफसी, टैको बेल, पिज्जा हट और हैबिट बर्गर एंड ग्रिल जैसे बड़े ग्लोबल ब्रांड को चलाने वाली कंपनी यम ब्रांड्स ने कहा कि उसने कुल 2.7 अरब डॉलर में पिज्जा हट बिजनेस को बेचने के लिए पक्के समझौते किए हैं। 

पिज्जा हट को बेचने से यम ब्रांड्स को मिलेंगे 2.3 अरब डॉलर 

इन समझौतों के तहत, मुख्यभूमि चीन के बाहर के पिज्जा हट ऑपरेशन को प्राइवेट इक्विटी फर्म लॉन्गरेंज कैपिटल लगभग 1.5 अरब डॉलर में खरीदेगी। जबकि, चीन में पिज्जा हट बिजनेस को यम चाइना होल्डिंग्स करीब 1.2 अरब डॉलर में खरीदेगी। यम ब्रांड्स ने कहा कि इन दोनों डील से टैक्स और अन्य समायोजनों के बाद उसे लगभग 2.3 अरब डॉलर की शुद्ध प्राप्ति होने की उम्मीद है। इसके साथ ही, सेपरेशन प्रक्रिया को लागू करने के लिए 2026 की बाकी अवधि में करीब 8.5 करोड़ डॉलर का एकमुश्त खर्च भी आने का अनुमान है। 

नवंबर 2025 में रणनीतिक समीक्षा के बाद पूरी हुई डील

बताते चलें कि ये डील नवंबर 2025 में शुरू हुई रणनीतिक समीक्षा के बाद की गई हैं। इनके नियामकीय मंजूरी सहित अन्य शर्तों के अधीन 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरे होने की उम्मीद है। सौदा पूरा होने के बाद यम ब्रांड्स अपने पिज्जा हट बिजनेस से जुड़े आंकड़ों को अलग से नहीं जारी करेगी। 

पिज्जा हट को अलग करने के बाद मुख्य कारोबार पर फोकस करेगा यम ब्रांड्स

यम ब्रांड्स के सीईओ क्रिस टर्नर ने कहा, ''इन लेनदेन से कंपनी को अपने मुख्य कारोबार पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी और दीर्घकालिक मूल्य सृजन को बढ़ावा मिलेगा।'' इसके अलावा, यम ब्रांड्स के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अतिरिक्त चार अरब डॉलर के शेयर पुनर्खरीद प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। यम ब्रांड्स 155 देशों में 63,000 से ज्यादा रेस्टॉरेंट को ऑपरेट करती है। भारतीय बाजार में उसकी यूनिट के 2,000 से भी ज्यादा आउटलेट अलग-अलग फ्रेंचाइजी पार्टनरों के साथ संचालित होते हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा