अगर आप IPO निवेशक हैं तो आपके लिए मौका है। 29 जुलाई लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस लिमिटेड जो एक NBFC है का आईपीओ खुल रहा है। कंपनी की आईपीओ से 254 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी है। कंपनी ने बुधवार को अपने आईपीओ के लिए प्रति शेयर प्राइस बैंड 150-158 रुपये तय किया। कंपनी ने बताया कि आईपीओ 29 जुलाई को खुलकर 31 जुलाई को बंद होगा। जयपुर स्थित कंपनी का आईपीओ 1.84 करोड़ इक्विटी शेयरों के नए निर्गम और प्रवर्तकों द्वारा 56.38 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है। कुल मिलाकर, मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर आईपीओ का आकार 254.26 करोड़ रुपये आंका गया है।
आईपीओ का पैसे का कंपनी कहां करेगी यूज?
कंपनी ने बताया कि नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग पूंजी आधार को मजबूत करने के लिए किया जाएगा, ताकि ऋण और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए भविष्य की पूंजीगत जरूरतों को पूरा किया जा सके। गैर-जमा एनबीएफसी लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस ग्राहकों को एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यम) ऋण, वाहन ऋण, निर्माण ऋण और अन्य ऋण समाधान सहित विविध उत्पाद पोर्टफोलियो प्रदान करती है। मार्च 2025 तक, कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) 36 प्रतिशत की सालाना वृद्धि (सीएजीआर) की दर से बढ़कर 1,277 करोड़ रुपये हो गईं, जो मार्च, 2023 में 687 करोड़ रुपये थीं। मार्च, 2025 तक कंपनी का परिचालन नेटवर्क राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के ग्रामीण, अर्ध-शहरी और शहरी क्षेत्रों में 158 शाखाओं तक फैला हुआ है।
फ्लोर प्राइस फेस वैल्यू का 30 गुना
लक्ष्मी इंडिया के आईपीओ का फ्लोर प्राइस कंपनी के इक्विटी शेयरों के फेस वैल्यू का 30 गुना है और कैप प्राइस फेस वैल्यू का 31.60 गुना है। लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस IPO का लॉट साइज 94 इक्विटी शेयरों का है और उसके बाद 94 के गुणकों में आवेदन किया जा सकता है। लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस IPO में कुल शेयरों में से अधिकतम 50% हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए आरक्षित है, 15% गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए और 35% हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। कर्मचारियों के लिए अधिकतम 1,60,928 इक्विटी शेयर आरक्षित किए गए हैं। लक्ष्मी आईपीओ का जीएमपी आज ₹0 है। हालांकि, अभी आईपीओ खुलने में काफी समय है। इसलिए आने वाले दिनों में इस आईपीओ का ग्रे मार्केट भाव आएगा। इसलिए अभी इंतजार करना सही होगा।