Kent RO सिस्टम्स और करमतारा इंजीनियरिंग समेत चार कंपनियों को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये धन जुटाने के लिए SEBI से मंजूरी मिल गई है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से मंगलवार को दी गई जानकारी के अनुसार, अन्य दो कंपनियां ट्रांसफार्मर विनिर्माता मंगल इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्रीज और ‘वाइंडिंग’ विनिर्माता विद्या वायर्स हैं जिन्हें आईपीओ लाने की मंजूरी मिली है। जानकारी के अनुसार, चारों कंपनियों ने जनवरी में IPO दस्तावेज दाखिल किए थे। इन्हें तीन से छह जून के बीच सेबी से आईपीओ लाने की मंजूरी मिली। इस बीच, साई इंफिनियम ने चार जून को अपने आईपीओ दस्तावेज वापस ले लिए थे।
केंट आरओ का आईपीओ पूरी तरह से OFS
इन कंपनियों की ओर से दाखिल आईपीओ दस्तावेजों के अनुसार, केंट आरओ सिस्टम्स का IPO पूरी तरह से प्रवर्तकों के एक करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। करमतारा इंजीनियरिंग का प्रस्तावित आईपीओ 1,350 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर और प्रवर्तकों के 400 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है। मंगल इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्रीज का 450 करोड़ रुपये का IPO पूरी तरह से नए निर्गम पर आधारित है जिसमें कोई बिक्री पेशकश (ओएफएस) घटक नहीं है। वहीं विद्या वायर्स का आईपीओ 320 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और प्रवर्तकों द्वारा एक करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश का संयोजन है। इन कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।
ओसवाल पंप्स का आईपीओ 13 जून को खुलेगा
ओसवाल पंप्स ने अपने 1,387 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 584-614 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कंपनी बयान के अनुसार, आईपीओ 13 जून को खुलेगा और 17 जून को संपन्न होगा। आईपीओ 890 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर और प्रवर्तक विवेक गुप्ता के 497.34 करोड़ रुपये मूल्य के 81 लाख शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है। इस प्रकार निर्गम का आकार 1,387.34 करोड़ रुपये बैठता है।
IPO के पैसे का कहां होगा इस्तेमाल
बयान के अनुसार, IPO से प्राप्त राशि का उपयोग कंपनी के कुछ पूंजीगत व्ययों के वित्तपोषण, ऋण या शेयर के रूप में पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी ओसवाल सोलर में निवेश, हरियाणा के करनाल में नई विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने, ऋण का भुगतान एवं सामान्य कामकाजों के लिए किया जाएगा। कंपनी सौर ऊर्जा चालित एवं ग्रिड से जुड़े सबमर्सिबल एवं मोनोब्लॉक पंप, इंडक्शन व सबमर्सिबल मोटर के साथ-साथ सौर मॉड्यूल से युक्त इलेक्ट्रिक मोटर बनाती है और ‘ओसवाल’ ब्रांड के तहत इनकी बिक्री करती है।